सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

इस राह में जो सब पे गुजरती है वो गुजरी

अपना तमाम जीवन निचोड़कर भी वह नहीं हो पा रहा हूँ जो होने का सपना बुनता हूँ। सिर्फ़ सपना ही नहीं बुनता अपने सामर्थ्य से बढ़कर श्रम करता हूँ। पिछले 15 सालों से नहीं जानता हूँ अपने लिए जीना किसे कहते हैं, अपने आप से पहले जुड़े लोगों का सोचा उम्र से कब बड़ा हो गया पता ही नहीं चला, मैं नहीं जानता बचपना कुछ होता है, या बैचलर जैसी ज़िंदगी होती है, हमेशा लगा मैं जिम्मेदार हूँ, यह मुझमें किसी ने भरा नहीं या न जाने कैसे आ गया, बहनों को बेटियों की तरह महसूस किया, प्रेम किया तो अपने कहे से अधिक जिम्मेदार हो गया , प्रेमी की तरह कभी जिया ही नहीं, मन मारने की ट्रेनिंग मैं वर्षों से ले रहा हूँ। 

मुझे मांगना और मरना एक जैसा लगता है मगर प्रेम माँगा .. हाँ माँगा। मैंने उसी एक स्त्री से कुछ माँगा.. उसने अपने भीतर का डर तोड़पर मुझे स्वीकार किया। मगर समाज हमारे गले पड़ा रहा, सच्चाई, और पवित्रता जैसी दो-मुँही तलवार हमेशा हमारे बीच लटकी रही, हम गले भी लगे तो अगले ही पल एक दूसरे से दूर को गए की पवित्रता न भंग हो जाए, हम अपने परिवार की दृष्टि में झूठे न हो जाएं.. जबकि यह बस हमारा व्यक्तिगत चुनाव होना चाहिए था। 

हम ठीक ठाक व्यक्ति बचते तो न कुछ व्यक्तिगत बचता, हम समझौतों का पुतला हैं। 

जहाँ सबसे ज्यादा अपने को खपाया वहीं से सबसे अधिक कष्ट मिला। जिनके लिए अपने को भूल जाता हूँ उनको भी पल भर का सुख नहीं दे पाता। कितनी ही मामूली सी चीज़ों के लिए इतना हाथ पाँव मरना पड़ता है इतनी सर दर्द की गोली खानी पड़ती है कि जब वो हो जाता है तो लगता है अब सब बेअर्थ है। जैसे महाजन को स्वादिष्ट भोजन से लालच आना बन्द हो जाता है वैसे ही बहुत रुला कर मिली हुई चीजों का आकर्षण ख़त्म हो जाता है। मेरे भीतर से अब समाज में अच्छा बने रहने की इच्छा मर गयी है, मुझे बस कुछ आँख दिखती हैं उनमें आँसू आते हैं तो लगता है अपना गला रेत दूँ। 

नया साल शुरू हुआ, लोगों ने उत्सव जिया। मैंने दुःखद सूचनाओं, अनर्गल प्रलापों और अपने सबसे करीबियों को रोते देखा। 

अभी इस वर्ष का आज तीसरा ही दिन है ? लग रहा साल भर की पीड़ा इसी तीन दिन में मिल गई। भीतर अजीब सा पछतावा भरता जा रहा है। न जाने कौन लिख रहा है मेरी भाग्य पत्री ? मैंने न जाने का क्या बिगाड़ा है उस ब्राह्मण का ..

आँसू, पछतावा, संदेह, अकेलापन.. जीवन के मुख्य घटक हो गए हैं। मैं इसे लिख रहा हूँ ताकि आज का आज ही छोड़कर कल में जाऊँ। कल की मानसिकता कल में ही रहने दूँ। पर क्या ये होगा ? मुझसे भी बुरा जीवन जीने वाले हैं। जी रहें हैं। रात रोते हुए सोते हैं सुबह फिर हँस कर उठते हैं। 

ये मुझे क्या हो जाता है, मैं रोते रोते ख़ुद को दिलासा क्यूँ देने लगता हूँ। एक वाक्य है उसका, जो मुझे कई बार टूटने से बचा लेता है, 'मुझे ये रोता हुआ चेहरा नहीं चाहिए ' अब जो उसे नहीं चाहिए वह मैं चाह ही नहीं पाता। उसी वाक्य ने मुझे रोते हुए हँसना सिखाया। वो न होती तो ? मैं .. मर गया होता। देह से जीता दिखता तो आत्मा से शून्य हो जाता। 

मैं परिवार से दूर नहीं जी पाता। मैं अकेले बस सांस ले रहा हूँ। ज़िंदा घर के साथ ही होता हूँ। ये परिवार बड़ी सुंदर चीज़ है मगर वही जो परे से होने वाले हुए वारों से हमारी रक्षा करे, वो परिवार भला क्या परिवार जो भीतर ही भीतर हमे खा ले। खोखली चीजें किसी अर्थ की नहीं होतीं। जो होतीं हैं उनका पीटने या बजाने से अलग कुछ नहीं होता। 

ख़ैर! ठीक है बहुतों ने यही देखा, देख रहें हैं। हम भी देखेंगे। फ़ैज़ कह ही गए हैं-  'इस राह में जो सब पे गुजरती है वो गुजरी' 

सबसे अलग कहाँ हैं हम ? होना चाहते हैं तो सबकी आँखों की फ़िक्र कस लेती है। 

― आशुतोष प्रसिद्ध 

9: 30 शाम / 3 जनवरी 25 


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

होने और न होने के बीच की याद

बहुत कुछ पूरा होता है तब भी बहुत कुछ अधूरा रह जाता है। कई बरस पहले ही किसी कविता में कहा था 'नमी जब ज्यादा हो तो बीज उगते नहीं हैं सड़ जाते हैं' उसे फिर फिर महसूसने का दिन रहा। पिछले 24 घण्टों में कई बार डायरी खोले बैठा। बैठा ही रहा। एक शब्द नहीं लिख पाया। आत्माख्यान, आत्मलीन और आत्मरत होकर नहीं लिखा जा सकता। अपने से अलग होना पड़ता है। नहीं लिख पाया। एक शब्द भी नहीं। एक ख़ालिस डॉट या पूर्णविराम भी नहीं। कागज कोरा का कोरा रहा। हाँ, दो चार बूंद आँसू जरूर गिरे। फिर उस पर कुछ लिखा नहीं। तारीख़ डाल दिया अभी। और पन्ना बदल दिया। कोई कभी पढ़ पाया तो वही जान पाएगा वह जो उसपर सम्भावित था लिखा जाना। शायद नहीं जान पाएगा। नहीं जान पाएगा तो मेरा ही फायदा है। यूँ भी तो मेरा मन सबका मन रखने के लिए बना है। मेरा मन कहीं कोने में रख दिया गया था बरसों पहले। कौन जतन करेगा उसे उठाकर झाड़ पोंछ कर देखने की। मैं खुद भी नहीं करता।  अपने हाथ से बिछाए फूल अपने ही हाथ से समेटे। समेटते हुए वह मखमली नहीं लग रहे थे। कँटीले भी नहीं थे। सब वैसे का वैसे रख दिया। बिल्कुल यंत्रवत रहा। कपड़े निकाले सिरहाने रखी कुर्सी पर र...

इच्छाओं का समुच्चय

ऊपरी स्तर पर इच्छाएँ जितनी सुंदर और सपाट दिखती हैं इच्छाओं के तल में उतरने पर वह उतनी ही लिजलिजी और अजीब सी महसूस होती हैं। इच्छाएँ पानी और आग दोनों हैं वो न हों तो भी दिक्कत है हों और सीमा से अधिक हों तो भी दिक्कत है। जब दो लोग जुड़ते हैं तो उनके बीच इच्छाओं का संसार जुड़ता है, आत्मा जुड़ती है तो देह भी जुड़ने का रास्ता खोजती है। मगर क्या हो अगर एक को जो इच्छाएँ सुंदर लगतीं हों अगले को बिल्कुल बेकार ? क्या ऐसा संभव है ? या कोई भीतरी डर है जो हमारे भीतर की स्वाभाविक और मानवीय इच्छाओं पर हावी है ? यह प्रश्न सृष्टि के निर्माण से अभी तक यथावत है और रहेगा कि इच्छाओं का अगर जन्म मन में हो रहा है तो क्यूँ न आदमी उनकी पूर्ति के लिए भागे ? और अगर भाग रहा है तो इसमें गलती किसकी है इच्छाओं की या मनुष्य की ? मुझे इसका कोई ठीक उत्तर सूझता नहीं, हम मनुष्य को गलत ठहराकर इच्छाओं को दोषमुक्त नहीं कर सकते, फाँसी लगा लेने वाले से ज्यादा बड़ा दोषी उसे फाँसी लगा लेने को मजबूर करने वाला है। है कि नहीं ? तो फिर इसका क्या उत्तर हुआ ?  मन ऐसे तमाम सवालों से घिरा रहा। मगर जवाब कोई ऐसा नहीं मिला जिसस...

कभी फ़ुर्सत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

दिन भर एक पिल्ला अपनी मौत के लिए कलझता रहा। हुंकार भरता, रोता, पेट से जाने क्या निकाल देना चाह रहा था कि पूरी ताकत से बाहर साँस फेंकता रहा। मैं जो पिछले कई दिन से अपना जीवन समाप्त कर लेने का सोचता रहा था कि मेरे भीतर यह बात और गहरी हो गई कि न मौत आसान है न जीवन.. एक तीन महीने का पिल्ला मौत माँगते हुए पूरा दिन दौड़ता रहा अनन्तः रात में उसकी साँस रुकी। पापा और मैंने उसे मिट्टी में दफ़न किया। नहा खा के बैठा था। फिर से नहाया। दीदी रोने लगीं उन्होंने इधर कई दिन से दूध पिला पिला के जिंदा रखा था उसे।  अपने को कुचलने की इच्छा होती है। काश! हम अपनी परछाई पर नहीं खुद पर खड़े हो सकते मैं अब धीरे धीरे कठोर होता जा रहा हूँ, बहुत असमान्य सी घटनाओं पर भी सामान्य सा महसूस होता है बीते दिनों जो जो घटा, कितनी मौतें, कितने बलात्कार, कितनी जातीय हिंसा, कितना धार्मिक उन्माद, यह सब न जाने कैसे असर करता है मन हमेशा एक सा हुआ रहता है। ख़ुशी में बहुत कसकर हँस नहीं पाता। बहुत सी चीजें ऐसी हैं जिनसे मैं निकल नहीं पा रहा हूँ, तमाम दोमुहें लोगों को देखता हूँ, भीतर अजीब सा कष्ट होता है फिर समझा लेता हूँ...