सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

याद नहीं रहने की याद

अपने को भूलकर ही अपनों के बीच जिया जा सकता है। मैं जानता हूँ इस वाक्य के बाद आपके पास कई तर्क होंगे, जैसे सबसे सस्ता वाला होगा कि अपने जो होंगे वो आपको भूलने ही नहीं देंगे की आप क्या हैं, पर मेरा भरोसा कीजिए आप एक दिन इसी वाक्य के साथ सबसे बुरी तरह परास्त होंगे उस दिन आपको यह आभास होगा कि हर दूसरा व्यक्ति किसी तीसरे व्यक्ति के साथ मस्त है, आप की अनुपस्थिति कहीं खटक नहीं रही है, हर व्यक्ति की अनुपस्थिति को भरने के लिए कोई न कोई उपस्थित है। दरअसल मामला सबसे सरल यह है कि आप समझें जिसके जीवन में बहुत करीबी हैं, उसके लिए कोई भी करीबी नहीं है, सब एक निमित्त मात्र हैं, जब जो जरूरत होगी वह करीबी होगा, फिर उस करीबी के जीवन में क्या चल रहा है उससे कोई मतलब नहीं होता... कई उदाहरण हैं  मगर ख़ैर छोड़िए..

************

जबसे जन्म हुआ है, जीवन यहीं जन्मभूमि से 150 किलोमीटर के दायरे में सिमट गया है। कभी कहीं बाहर गया भी तो मजबूरन या परीक्षा के सिलसिले में, बाहर जाने का मन करता रहा पर मन ही बाहर गया मैं न अभी हरिद्वार जा सका, न उज्जैन, न दक्षिण में कहीं जा पाया , न मध्य में, न पूर्व में ही कहीं, केदारनाथ तो सपने की बात है.. जन्मते से कान में राम नाम जाता रहा पर रामजन्मभूमि का दर्शन आज नसीब हुआ.. अभी न हुआ होता तो बिल्कुल बुरा न होता, मुझे अब इंतज़ार के दौरान का धैर्य आ गया है, मैं एक जगह पर बिना उठे, बिना हिले घण्टों बैठा रहा सकता हूँ। 

मैं जीवन को उतना ही देखना चाहता हूं जितने में अपनों का साथ हो वरना यूँ अपने लिए जिंदा तो सुअर भी रहती है। मन के व्यक्ति के बिना मैं इस दुनिया का सर्वोत्तम सुख भी ठुकरा दूँ , मैं स्वीकार भी कर लूंगा तो जियूँगा कैसे उसे उसके बिना.. 

**********

मंदिर में न सुकून है न पल की शांति निरर्थक शोर है, मंदिर के विषय में जिस ऊर्जा की बात होती है, वह इस धरती से चली गई, अब बस बड़े बड़े आलीशान भवन हैं, पंडे पुजारी हैं जो प्रसाद चढ़ाते रहते हैं अपने से छोटे को गरियाते रहते हैं, ईश्वर को बेचकर जीने वाले ये  लोगों को मोह माया से मुक्त रहना सिखाते हैं। सारा शहर लोगों से भरा था, हर हाथ फोन और दिखावटी चीजों से, यह जीवन का कौन सा रूप है मैं नहीं समझ पाता, बाजार आदमी से बड़ा हो गया है, अब बाजार आदमियों के दिनचर्या का हिस्सा नहीं है, बाजार की दिनचर्या में आदमी आता है, बाजार के लिए आदमी एक प्रोडक्ट है जो उसके प्रोडक्ट का उपभोग करता है। हम कहाँ जा रहे हैं.. हमारे पास अनगिन दिशासूचक यंत्र हैं फिर भी दिशा भ्रम हो गए हैं, हम गिरने की तरफ तेजी से बढ़ रहें हैं, जल्द ही जमीन ख़त्म होगी और हम गिरेंगे। हमारा गिरना जरूरी है। 

अयोध्या को अयोध्या की इच्छा के बिना उघाड़ा गया, फिर सजाया गया, इसीलिए अयोध्या में वह रौनक नहीं है जो तैयार हुए व्यक्ति में होती है, बहुत दबाव में सुंदर भी असुंदर हो जाता है। 
अब .................  

ख़ैर आज बहुत ख़ुश हूँ इतना की ख़ुश कहते हुए लग रहा है यह शब्द कम है काश कह पाता मारे ख़ुशी के आज ख़ूब रोया हूँ, ख़्वाब टूटते हैं तो आँसू के सिवा आता क्या है, हृदयाघात तो आएगा नहीं, मगर आएगा कभी ऐसे ही .. 

सब सुंदर है, सब खुशहाल हैं , यह बना रहे..

― 22 जनवरी 2025 / 9 बजे शाम 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

होने और न होने के बीच की याद

बहुत कुछ पूरा होता है तब भी बहुत कुछ अधूरा रह जाता है। कई बरस पहले ही किसी कविता में कहा था 'नमी जब ज्यादा हो तो बीज उगते नहीं हैं सड़ जाते हैं' उसे फिर फिर महसूसने का दिन रहा। पिछले 24 घण्टों में कई बार डायरी खोले बैठा। बैठा ही रहा। एक शब्द नहीं लिख पाया। आत्माख्यान, आत्मलीन और आत्मरत होकर नहीं लिखा जा सकता। अपने से अलग होना पड़ता है। नहीं लिख पाया। एक शब्द भी नहीं। एक ख़ालिस डॉट या पूर्णविराम भी नहीं। कागज कोरा का कोरा रहा। हाँ, दो चार बूंद आँसू जरूर गिरे। फिर उस पर कुछ लिखा नहीं। तारीख़ डाल दिया अभी। और पन्ना बदल दिया। कोई कभी पढ़ पाया तो वही जान पाएगा वह जो उसपर सम्भावित था लिखा जाना। शायद नहीं जान पाएगा। नहीं जान पाएगा तो मेरा ही फायदा है। यूँ भी तो मेरा मन सबका मन रखने के लिए बना है। मेरा मन कहीं कोने में रख दिया गया था बरसों पहले। कौन जतन करेगा उसे उठाकर झाड़ पोंछ कर देखने की। मैं खुद भी नहीं करता।  अपने हाथ से बिछाए फूल अपने ही हाथ से समेटे। समेटते हुए वह मखमली नहीं लग रहे थे। कँटीले भी नहीं थे। सब वैसे का वैसे रख दिया। बिल्कुल यंत्रवत रहा। कपड़े निकाले सिरहाने रखी कुर्सी पर र...

इच्छाओं का समुच्चय

ऊपरी स्तर पर इच्छाएँ जितनी सुंदर और सपाट दिखती हैं इच्छाओं के तल में उतरने पर वह उतनी ही लिजलिजी और अजीब सी महसूस होती हैं। इच्छाएँ पानी और आग दोनों हैं वो न हों तो भी दिक्कत है हों और सीमा से अधिक हों तो भी दिक्कत है। जब दो लोग जुड़ते हैं तो उनके बीच इच्छाओं का संसार जुड़ता है, आत्मा जुड़ती है तो देह भी जुड़ने का रास्ता खोजती है। मगर क्या हो अगर एक को जो इच्छाएँ सुंदर लगतीं हों अगले को बिल्कुल बेकार ? क्या ऐसा संभव है ? या कोई भीतरी डर है जो हमारे भीतर की स्वाभाविक और मानवीय इच्छाओं पर हावी है ? यह प्रश्न सृष्टि के निर्माण से अभी तक यथावत है और रहेगा कि इच्छाओं का अगर जन्म मन में हो रहा है तो क्यूँ न आदमी उनकी पूर्ति के लिए भागे ? और अगर भाग रहा है तो इसमें गलती किसकी है इच्छाओं की या मनुष्य की ? मुझे इसका कोई ठीक उत्तर सूझता नहीं, हम मनुष्य को गलत ठहराकर इच्छाओं को दोषमुक्त नहीं कर सकते, फाँसी लगा लेने वाले से ज्यादा बड़ा दोषी उसे फाँसी लगा लेने को मजबूर करने वाला है। है कि नहीं ? तो फिर इसका क्या उत्तर हुआ ?  मन ऐसे तमाम सवालों से घिरा रहा। मगर जवाब कोई ऐसा नहीं मिला जिसस...

कभी फ़ुर्सत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

दिन भर एक पिल्ला अपनी मौत के लिए कलझता रहा। हुंकार भरता, रोता, पेट से जाने क्या निकाल देना चाह रहा था कि पूरी ताकत से बाहर साँस फेंकता रहा। मैं जो पिछले कई दिन से अपना जीवन समाप्त कर लेने का सोचता रहा था कि मेरे भीतर यह बात और गहरी हो गई कि न मौत आसान है न जीवन.. एक तीन महीने का पिल्ला मौत माँगते हुए पूरा दिन दौड़ता रहा अनन्तः रात में उसकी साँस रुकी। पापा और मैंने उसे मिट्टी में दफ़न किया। नहा खा के बैठा था। फिर से नहाया। दीदी रोने लगीं उन्होंने इधर कई दिन से दूध पिला पिला के जिंदा रखा था उसे।  अपने को कुचलने की इच्छा होती है। काश! हम अपनी परछाई पर नहीं खुद पर खड़े हो सकते मैं अब धीरे धीरे कठोर होता जा रहा हूँ, बहुत असमान्य सी घटनाओं पर भी सामान्य सा महसूस होता है बीते दिनों जो जो घटा, कितनी मौतें, कितने बलात्कार, कितनी जातीय हिंसा, कितना धार्मिक उन्माद, यह सब न जाने कैसे असर करता है मन हमेशा एक सा हुआ रहता है। ख़ुशी में बहुत कसकर हँस नहीं पाता। बहुत सी चीजें ऐसी हैं जिनसे मैं निकल नहीं पा रहा हूँ, तमाम दोमुहें लोगों को देखता हूँ, भीतर अजीब सा कष्ट होता है फिर समझा लेता हूँ...