सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

नेपथ्य में सम्भावना

सब जगह होता हूँ और हर जगह छूट जाता हूँ। जिंदगी विनोद कुमार शुक्ल की कविता हो गई है। सारी जिंदगी पहले के ही कुछ सालों में थी। अब उस शुरू किए को पूरा करने की जदोजहद है। जदोजहद अधूरी रह जायेगी। जहाँ मन ऊब जाएगा वहीं मान लूँगा पूरी हो गई। अलग बात है पूरा कुछ भी नहीं। 

जुकाम बुखार की तड़फ। उनींदी रात। गाय। दूध। कुछ पल को केश कर्तनालय। खरीदी। फिर. ननिहाल। भागवत। दिन भर बुखार रहा। दवा खाया। चलता रहा। शाम फिर वही। गाय चारा दूध। रात पिताजी आए। मम्मी वहीं हैं तो घर उन्हें काटने दौड़ रहा था। कह रहे थे उनके बिना जीवन का कोई अर्थ नहीं घर तो बहुत छोटी चीज़ है। लेकर गया वही। सबसे मिले। नाना पापा को गले लगाकर रोए। नानी भी। मना करते रहने के बाद मामी लोग पाँव धुलीं। थोड़ी देर टहल घूम कर चले आए। हर दूसरी बात र तुम्हारा ज़िक्र होता है। मैं नेपथ्य में रहता हूँ। यूँ लगता है मेरे होने का अर्थ इतना है कि मैं तुम्हारा आदमी हूँ। सब परिवार इकट्ठा था । मामा अपनी बहनों को पा फूले नहीं समाते। नाना नानी अपना परिवार इकट्ठा देख कुछ कुछ देर पर भावुक हो जाते हैं। नाना बड़े नाजुक मन के हैं। मैं दिखता रहूँ तभी उनको भरोसा रहता है कि सब ठीक हो रहा होगा। जो जो उनके विभाग और संघ के लोग आते हैं सबसे ऐसे बताते हैं जैसे मैं कोई बहुत बड़ा कुछ हूँ जबकि मेरी क्या औकात। मेरे साथ साथ तुम्हारे बारे में भी बताते रहते हैं सबसे...अरे हमारी ...। 

पाँव दुख रहा है। मन भी। एक तरफ से खुश जैसा हूँ। एक तरफ़ से खाली सा मन बार बार वहीं अटका है। दो महीने हो गए। मैं कैसे जी रहा हूँ यह बस मेरी आत्मा जानती है या मेरी आँख। इतनी यात्रा करनी पड़ रही है तुम्हें..! काश यह सब यहीं रुक जाता तो ठीक रहता। फिर क्यूँ जाना कहीं। मन बहुत कुछ कहने को होता है पर डर लगता है। न कह पाया वैसे जैसे सोच रहा तो..? अपने हिसाब से ही करो। तुम समर्थ हो हर चीज के लिए। ईश्वर ऐसे बनाए रहें।

अब मुझे बस शहर आना है। मैं जिम्मेदारी से नहीं भाग रहा। बस तुम्हारे पास आने तुम्हें मनभर सीने से लगा लेने का मन है अब.. यहाँ रहना न रहने की ही तरह होगा। पर रहूँगा। 


― 22 फरवरी 2025 / 10 : 30 रात

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

होने और न होने के बीच की याद

बहुत कुछ पूरा होता है तब भी बहुत कुछ अधूरा रह जाता है। कई बरस पहले ही किसी कविता में कहा था 'नमी जब ज्यादा हो तो बीज उगते नहीं हैं सड़ जाते हैं' उसे फिर फिर महसूसने का दिन रहा। पिछले 24 घण्टों में कई बार डायरी खोले बैठा। बैठा ही रहा। एक शब्द नहीं लिख पाया। आत्माख्यान, आत्मलीन और आत्मरत होकर नहीं लिखा जा सकता। अपने से अलग होना पड़ता है। नहीं लिख पाया। एक शब्द भी नहीं। एक ख़ालिस डॉट या पूर्णविराम भी नहीं। कागज कोरा का कोरा रहा। हाँ, दो चार बूंद आँसू जरूर गिरे। फिर उस पर कुछ लिखा नहीं। तारीख़ डाल दिया अभी। और पन्ना बदल दिया। कोई कभी पढ़ पाया तो वही जान पाएगा वह जो उसपर सम्भावित था लिखा जाना। शायद नहीं जान पाएगा। नहीं जान पाएगा तो मेरा ही फायदा है। यूँ भी तो मेरा मन सबका मन रखने के लिए बना है। मेरा मन कहीं कोने में रख दिया गया था बरसों पहले। कौन जतन करेगा उसे उठाकर झाड़ पोंछ कर देखने की। मैं खुद भी नहीं करता।  अपने हाथ से बिछाए फूल अपने ही हाथ से समेटे। समेटते हुए वह मखमली नहीं लग रहे थे। कँटीले भी नहीं थे। सब वैसे का वैसे रख दिया। बिल्कुल यंत्रवत रहा। कपड़े निकाले सिरहाने रखी कुर्सी पर र...

इच्छाओं का समुच्चय

ऊपरी स्तर पर इच्छाएँ जितनी सुंदर और सपाट दिखती हैं इच्छाओं के तल में उतरने पर वह उतनी ही लिजलिजी और अजीब सी महसूस होती हैं। इच्छाएँ पानी और आग दोनों हैं वो न हों तो भी दिक्कत है हों और सीमा से अधिक हों तो भी दिक्कत है। जब दो लोग जुड़ते हैं तो उनके बीच इच्छाओं का संसार जुड़ता है, आत्मा जुड़ती है तो देह भी जुड़ने का रास्ता खोजती है। मगर क्या हो अगर एक को जो इच्छाएँ सुंदर लगतीं हों अगले को बिल्कुल बेकार ? क्या ऐसा संभव है ? या कोई भीतरी डर है जो हमारे भीतर की स्वाभाविक और मानवीय इच्छाओं पर हावी है ? यह प्रश्न सृष्टि के निर्माण से अभी तक यथावत है और रहेगा कि इच्छाओं का अगर जन्म मन में हो रहा है तो क्यूँ न आदमी उनकी पूर्ति के लिए भागे ? और अगर भाग रहा है तो इसमें गलती किसकी है इच्छाओं की या मनुष्य की ? मुझे इसका कोई ठीक उत्तर सूझता नहीं, हम मनुष्य को गलत ठहराकर इच्छाओं को दोषमुक्त नहीं कर सकते, फाँसी लगा लेने वाले से ज्यादा बड़ा दोषी उसे फाँसी लगा लेने को मजबूर करने वाला है। है कि नहीं ? तो फिर इसका क्या उत्तर हुआ ?  मन ऐसे तमाम सवालों से घिरा रहा। मगर जवाब कोई ऐसा नहीं मिला जिसस...

कभी फ़ुर्सत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

दिन भर एक पिल्ला अपनी मौत के लिए कलझता रहा। हुंकार भरता, रोता, पेट से जाने क्या निकाल देना चाह रहा था कि पूरी ताकत से बाहर साँस फेंकता रहा। मैं जो पिछले कई दिन से अपना जीवन समाप्त कर लेने का सोचता रहा था कि मेरे भीतर यह बात और गहरी हो गई कि न मौत आसान है न जीवन.. एक तीन महीने का पिल्ला मौत माँगते हुए पूरा दिन दौड़ता रहा अनन्तः रात में उसकी साँस रुकी। पापा और मैंने उसे मिट्टी में दफ़न किया। नहा खा के बैठा था। फिर से नहाया। दीदी रोने लगीं उन्होंने इधर कई दिन से दूध पिला पिला के जिंदा रखा था उसे।  अपने को कुचलने की इच्छा होती है। काश! हम अपनी परछाई पर नहीं खुद पर खड़े हो सकते मैं अब धीरे धीरे कठोर होता जा रहा हूँ, बहुत असमान्य सी घटनाओं पर भी सामान्य सा महसूस होता है बीते दिनों जो जो घटा, कितनी मौतें, कितने बलात्कार, कितनी जातीय हिंसा, कितना धार्मिक उन्माद, यह सब न जाने कैसे असर करता है मन हमेशा एक सा हुआ रहता है। ख़ुशी में बहुत कसकर हँस नहीं पाता। बहुत सी चीजें ऐसी हैं जिनसे मैं निकल नहीं पा रहा हूँ, तमाम दोमुहें लोगों को देखता हूँ, भीतर अजीब सा कष्ट होता है फिर समझा लेता हूँ...