सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

आशा हमें साँस देती है, उम्मीद ताकत


मन लगातार द्वंद्व से जूझता रहता है। क्या मन की निर्मित ही इसीलिए हुई की वह व्यक्ति को कभी स्थिर चित्त न रहने दे ? शायद इसीलिए लिए। स्थिर चित्त तो ज़िंदा लोगों का हो ही नहीं सकता ! वो संत हो या सामान्य आदमी। 

मन का कह देने में अदभुत सुख है, लेकिन कह देने के बाद मनोनुकूल न सुन पाने का दुःख ? उसका क्या ? वह दुःख ही होता है न ? या अपने व्यक्तित्व पर जन्मा संदेह, सम्भवतः संदेह ही ! क्योंकि जब हम अपने करीबियों से वह नहीं सुन पाते जो सुनना चाहते हैं तो अपने व्यक्तित्व पर ही संदेह होता है कि कहीं मैं ही वह भावना व्यक्त करने में असमर्थ तो नहीं। 

प्यार और आभार मन भर जताते रहिए। अपने प्रिय को कहते रहिए कि वह आपके लिए कितना महत्वपूर्ण है। यही एक राह है जिससे दुनिया से लगातार मिलते घावों को सहकर सुंदर जीवन जिया जा सकता है। पिछली बार कब ऐसा हुआ कि आपने अपने परिजन अपने प्रियजन से कहा कि ' मैं आपसे बहुत प्यार करता हूँ ' नहीं कहा तो कहिए ! कोई पता नहीं कौन सा संवाद आखिरी संवाद हो 

जब जब कहीं कोई दुर्घटना होती है मैं तमाम हताहत चेहरे और शून्य पड़ चुकी देह में अपने को ही मरा हुआ और घायल देखता हूँ, मन और ज्यादा होता है कितना प्यार कर लूं कितना जी लूँ जीवन कि अ-समय मौत भी आए तो फोन में मिनट भर पहले ही तुमसे कह चुका होंउँ कि 'मैं ठीक हूँ, कुछ सोचना नहीं मैं हूँ न ' और तुम उस भरोसे पर जी सको खुशहाल जीवन। जीवन की खुशी तो उम्मीद में ही है। आशा हमें सांस देती है, उम्मीद ताकत। 

***************

देश भक्ति के रंग में इतना रंग गया है कि किसी का चेहरा पहचान नहीं आ रहा। ये श्रद्धालुओं की नहीं पाप करते लोगों का चेहरा है जो भयवश दौड़ पड़े हैं गंगा को मैला करने। इतना अमानवीय, इतना पशुवत व्यवहार इतना नोच घसोट लूट की मन करता है काश !..... 

अभी इलाहाबाद की भगदड़ से बना घाव भरा नहीं कि दिल्ली ने उसे फिर कुरेद दिया। जान तो जैसे हरी घास हो गई है जब मन हुआ चलाई हसियाँ काट ली मुट्ठी भर.. 

*************

कल रात भर नींद नहीं आई। आदर्श से बात होती रही रातभर। बात होती रही कहूँ की मैं उसकी बात सुनता रहा। वह पागल और जीनियस बच्चा है। तुमसे मिलना चाहता है, मैं कुछ कह नहीं पाता। तुमसे जुड़े किसी भी फैसले को मैं अकेले लेने का अधिकारी नहीं। वो मुझे एक फ़िल्म देखने और तुमसे बहुत खुलकर मन कहने और मन जानने की सलाह दे रहा था। फ़िल्म का नाम था 'मास्टर्स ऑफ सेक्स' । मैं बस चुपचाप सुनता रहा। कैसे कहें सबके प्रेम जाहिर करने का अपना तरीका है.... वो कर लेते हैं। मेरा तो तुम जानती ही हो.... पर यह तो सच है जब तुम कोई एक बहुत मामूली सी भी बात कह देती हो तो वो मैं सैकड़ों बार पढ़ता हूं सोचता हूँ। जैसे बात करते हुए कल कहा  ' निशान तो आपने भी दिए हैं जो मुझे दिखता है ' मैंने वह वाक्य अपने भीतर रिकॉर्ड कर लिया, उसे लूप पर सुन रहा हूँ। तुम्हें मेरे कौन से वाक्य लूप पर सुनाई पड़ते हैं ? ऐसा बोलती रहा करो मेरी जिंदगी हल्की हो जाती है, दूर से स्पर्श से नहीं तो शब्द से तो छुआ जा सकता है न...

************

गांव पहुँचा जैसे तैसे। थकान इतनी थी कि एक एक मांसपेशी टूट रही थी। पर नीद नहीं आई। एक किताब की प्रतीक्षा खत्म हुई। भास कृत स्वप्नवासवदत्ता । 11 बजे के आसपास मिली और 4 बजे तक मैं उसे पढ़ चुका था। अदभुत है। बिल्कुल सही और सटीक कहा तुमने ' रस की जो वास्तविक अनुभूति है। सही सह वो संस्कृत साहित्य में जीवित है '  पढ़कर आनंद आ गया। तुम्हें सुनाऊंगा कभी इसका किस्सा। 



*************

कई शादियों में सामाजिकी निभाने जाना था, पर मन नहीं हुआ। व्यवस्था सब किया पर अंत क्षण मन नहीं हुआ नहीं गया। सुबह जाऊंगा। 9 जगह जाना है। 

सोना ठीक हैं। डुग्गु अब भूसा खाने लगे हैं। सारे पिल्ले अब इधर उधर घूमते रहते हैं। दुवार पर शांति है। गुलाब और गेंदे ख़ूब खिलें हैं। सौंफ और धनिया के फूल से सब महक रहा है। सरसों के फूल अब फल हो गए हैं। तोते मनभर उन्हें खा रहें हैं। आज मैं सोच रहा था, इस बार फिर मैं सूरजमुखी बोउँगा। कल ही। 

― 16 फरवरी 2025 / 8 : 15 शाम 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

होने और न होने के बीच की याद

बहुत कुछ पूरा होता है तब भी बहुत कुछ अधूरा रह जाता है। कई बरस पहले ही किसी कविता में कहा था 'नमी जब ज्यादा हो तो बीज उगते नहीं हैं सड़ जाते हैं' उसे फिर फिर महसूसने का दिन रहा। पिछले 24 घण्टों में कई बार डायरी खोले बैठा। बैठा ही रहा। एक शब्द नहीं लिख पाया। आत्माख्यान, आत्मलीन और आत्मरत होकर नहीं लिखा जा सकता। अपने से अलग होना पड़ता है। नहीं लिख पाया। एक शब्द भी नहीं। एक ख़ालिस डॉट या पूर्णविराम भी नहीं। कागज कोरा का कोरा रहा। हाँ, दो चार बूंद आँसू जरूर गिरे। फिर उस पर कुछ लिखा नहीं। तारीख़ डाल दिया अभी। और पन्ना बदल दिया। कोई कभी पढ़ पाया तो वही जान पाएगा वह जो उसपर सम्भावित था लिखा जाना। शायद नहीं जान पाएगा। नहीं जान पाएगा तो मेरा ही फायदा है। यूँ भी तो मेरा मन सबका मन रखने के लिए बना है। मेरा मन कहीं कोने में रख दिया गया था बरसों पहले। कौन जतन करेगा उसे उठाकर झाड़ पोंछ कर देखने की। मैं खुद भी नहीं करता।  अपने हाथ से बिछाए फूल अपने ही हाथ से समेटे। समेटते हुए वह मखमली नहीं लग रहे थे। कँटीले भी नहीं थे। सब वैसे का वैसे रख दिया। बिल्कुल यंत्रवत रहा। कपड़े निकाले सिरहाने रखी कुर्सी पर र...

इच्छाओं का समुच्चय

ऊपरी स्तर पर इच्छाएँ जितनी सुंदर और सपाट दिखती हैं इच्छाओं के तल में उतरने पर वह उतनी ही लिजलिजी और अजीब सी महसूस होती हैं। इच्छाएँ पानी और आग दोनों हैं वो न हों तो भी दिक्कत है हों और सीमा से अधिक हों तो भी दिक्कत है। जब दो लोग जुड़ते हैं तो उनके बीच इच्छाओं का संसार जुड़ता है, आत्मा जुड़ती है तो देह भी जुड़ने का रास्ता खोजती है। मगर क्या हो अगर एक को जो इच्छाएँ सुंदर लगतीं हों अगले को बिल्कुल बेकार ? क्या ऐसा संभव है ? या कोई भीतरी डर है जो हमारे भीतर की स्वाभाविक और मानवीय इच्छाओं पर हावी है ? यह प्रश्न सृष्टि के निर्माण से अभी तक यथावत है और रहेगा कि इच्छाओं का अगर जन्म मन में हो रहा है तो क्यूँ न आदमी उनकी पूर्ति के लिए भागे ? और अगर भाग रहा है तो इसमें गलती किसकी है इच्छाओं की या मनुष्य की ? मुझे इसका कोई ठीक उत्तर सूझता नहीं, हम मनुष्य को गलत ठहराकर इच्छाओं को दोषमुक्त नहीं कर सकते, फाँसी लगा लेने वाले से ज्यादा बड़ा दोषी उसे फाँसी लगा लेने को मजबूर करने वाला है। है कि नहीं ? तो फिर इसका क्या उत्तर हुआ ?  मन ऐसे तमाम सवालों से घिरा रहा। मगर जवाब कोई ऐसा नहीं मिला जिसस...

कभी फ़ुर्सत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

दिन भर एक पिल्ला अपनी मौत के लिए कलझता रहा। हुंकार भरता, रोता, पेट से जाने क्या निकाल देना चाह रहा था कि पूरी ताकत से बाहर साँस फेंकता रहा। मैं जो पिछले कई दिन से अपना जीवन समाप्त कर लेने का सोचता रहा था कि मेरे भीतर यह बात और गहरी हो गई कि न मौत आसान है न जीवन.. एक तीन महीने का पिल्ला मौत माँगते हुए पूरा दिन दौड़ता रहा अनन्तः रात में उसकी साँस रुकी। पापा और मैंने उसे मिट्टी में दफ़न किया। नहा खा के बैठा था। फिर से नहाया। दीदी रोने लगीं उन्होंने इधर कई दिन से दूध पिला पिला के जिंदा रखा था उसे।  अपने को कुचलने की इच्छा होती है। काश! हम अपनी परछाई पर नहीं खुद पर खड़े हो सकते मैं अब धीरे धीरे कठोर होता जा रहा हूँ, बहुत असमान्य सी घटनाओं पर भी सामान्य सा महसूस होता है बीते दिनों जो जो घटा, कितनी मौतें, कितने बलात्कार, कितनी जातीय हिंसा, कितना धार्मिक उन्माद, यह सब न जाने कैसे असर करता है मन हमेशा एक सा हुआ रहता है। ख़ुशी में बहुत कसकर हँस नहीं पाता। बहुत सी चीजें ऐसी हैं जिनसे मैं निकल नहीं पा रहा हूँ, तमाम दोमुहें लोगों को देखता हूँ, भीतर अजीब सा कष्ट होता है फिर समझा लेता हूँ...