सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

क्या ये कम है मसीहा के रहने ही से मौत का भी इरादा बदल जाएगा

बहुत कुछ सोच विचार और जी लेने के बाद अंततः जब अपने साथ बैठता हूँ आँख बंद करता हूँ तो खुद से कहता हूँ ;  बक रहा हूँ जुनू में क्या क्या कुछ/ कुछ न समझे खुदा करे कोई  

कोई यानि बाहरी कोई, वो एक समझे जिससे बकता हूँ, उसके समझने में बचे रहना महसूस होता है। मेरा ध्यान और योग सब लिखने से ही होता है, मैं सबसे ज्यादा बुरी मानसिक प्रताड़ना से तब गुजरता हूँ ,जब मैं लिख नहीं पाता और उससे बात नहीं कर पाता, बात करने जैसी बात, हाल चाल लेने वाली बात नहीं। 

सुबह सुबह एक सवाल से जुझा कुल्ला भी बाद में किया जबसे उठा, वो किया जो नित करता हूँ, उसकी तस्वीर देखी, आवाज़ सुनी, और लग गया जमीन( फर्श ) पर बैठकर उन चीज़ों को खोजने और लिखने में जो करना था। किया। बहुत संतुष्ट नहीं हूँ। मगर ठीक है। यह सब करने के बाद.. देर तक अकेले अपना हाथ पाँव समेटे बैठा रहा, सोचता रहा मैं कितना दोहरा चरित्र व्यक्ति हूँ , जिस मुद्दे पर सारी दुनिया से बात कर रहा हूँ, उससे अपने ही सबसे करीबी साथी से बात नहीं करता, मैं तो करना चाहता हूँ, वह नहीं करती ? वही दबाव है जो हम सब पर होता है। मैंने उससे कभी यह तक नहीं पूछा कि मुझे छूने या मेरे छूने के बाद कैसा महसूस हुआ, सेक्स और साथ के आनंद पर बात करना तो दूर की कौड़ी है। न जाने क्यूँ मैं उससे साथी से अधिक माँ सा प्रेम करता हूँ, तमाम इच्छाओं के बाद कहना नहीं हो पाता, यह कभी तो ठीक होगा ही.. मैं अपनी त्वचा पर उसके स्पर्श की झनझनाहट महसूस करना चाहता हूं उसकी इच्छा और बिना नैतिक और सामाजिक दवाब से पैदा हुई इच्छा का..

क्या तुम भी सोचती हो या तुमको मैं राक्षस ही लगता हूँ ? 

*********

घर से आने के बाद से आज बाहर निकला था, यूनिवर्सिटी तक गया, कुछ प्रोफेसर लोगों से मिला। मुझसे झूठी और औपचारिक बात नहीं हो पाती। 

थोड़ी देर बाद ही वहाँ से उस गली तक चला गया, जहाँ कभी पहुँच कर कह देता है 'नीचे आओ जरा ' और तुम दो मिनट कहकर दस मिनट में धीरे धीरे शर्माते हुए आती थी ' शहर में तुम बिन और हैं ही नहीं कुछ।  कल घर जाना है। होती तो तुम्हारा हाथ तो छू पाता, तुम्हारी आंख में देखता कि मेरे जाने का दुःख होता है कहीं.. उन उन जगहों पर खड़ा रहा जहाँ खड़ा होता था। उस दुकान के सामने भी जहाँ से लड्डू भेजती थी तुम मुझे.. मुझे अब लड्डू अच्छे ही नहीं लगते। नहीं खाता। तुम्हारे हाथ का साबूदाना खाना है.. जैसे बनाने के बाद तुम जरूर कहती जल्दी जल्दी में उतना अच्छा बन नहीं पाया, और मैं नहीं कह पाता, अपना घर होगा तो आराम से बनना... उस हाथ सा स्वाद कहीं सम्भव ही नहीं। 

सारा शहर जाम से भरा हुआ है। सांस लेना दुबर है, वाहनों से बेहतर है पैदल चलो। जाने कब ख़त्म होगा ये...

एक पुराना लेख छपा। उसे पढ़ा अपने पुराने दिनों को याद करता रहा। लोगो के कपड़े धूलने उन्हें बनाकर खिलाने और बच्चे से पालने के दिन याद आए और वो भी सब जो आज वो बड़े होकर कर रहें हैं। ख़ैर सब ठीक है। मैं भी गलत होंउँगा कहीं तो जरूर । अपनी नज़र में न सही उनकी नज़र में तो कुछ गलत होंउँगा ही। ठीक है। 

यूनिवर्सिटी के भीतर एक घाव  दिख गया। टीका लगाए हुए। हँसते हुए। मन अजीब हुआ फिर लगा ठीक है ये अपनी मौत मरेंगे। चंदन और महादेव पाप नहीं धोते। 

**************

मेरा मन करता है मैं दुनिया के कलाकारों की डायरी और पत्रों का संग्रह कर लूं। हमारे घर में इतनी किताबें हों कि अगर हमारे बच्चे कुछ न करें तो किताब बेचकर कुछ साल जी लें। एक ऐसा कमरा हो जिसमें बस एक कुर्सी हो चौड़ी कुर्सी जिसपर हम साथ बैठकर पढ़ें अपने साथ को जिए परिवारिक उलझनों को सुलझाएं। इसमें ज्यादा खर्च नहीं लगेगा मैं बना लूँगा। उसे उपहार दूँगा। 

कल रात से एक ग़ज़ल लगातार सुन रहा हूँ जाने क्यूँ जबकि इसे पहले भी सुनता रहा हूँ.. शायद नया कुछ खोजने के लिए। 

अनवर मिर्जापुरी की ग़ज़ल, जगजीत सिंह की आवाज़ में है..  ' रूख़ से परदा हटा दे जरा साकिया ' अदभुत शांति है। 


– 15 फरवरी 2025 / 9:15 शाम

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

होने और न होने के बीच की याद

बहुत कुछ पूरा होता है तब भी बहुत कुछ अधूरा रह जाता है। कई बरस पहले ही किसी कविता में कहा था 'नमी जब ज्यादा हो तो बीज उगते नहीं हैं सड़ जाते हैं' उसे फिर फिर महसूसने का दिन रहा। पिछले 24 घण्टों में कई बार डायरी खोले बैठा। बैठा ही रहा। एक शब्द नहीं लिख पाया। आत्माख्यान, आत्मलीन और आत्मरत होकर नहीं लिखा जा सकता। अपने से अलग होना पड़ता है। नहीं लिख पाया। एक शब्द भी नहीं। एक ख़ालिस डॉट या पूर्णविराम भी नहीं। कागज कोरा का कोरा रहा। हाँ, दो चार बूंद आँसू जरूर गिरे। फिर उस पर कुछ लिखा नहीं। तारीख़ डाल दिया अभी। और पन्ना बदल दिया। कोई कभी पढ़ पाया तो वही जान पाएगा वह जो उसपर सम्भावित था लिखा जाना। शायद नहीं जान पाएगा। नहीं जान पाएगा तो मेरा ही फायदा है। यूँ भी तो मेरा मन सबका मन रखने के लिए बना है। मेरा मन कहीं कोने में रख दिया गया था बरसों पहले। कौन जतन करेगा उसे उठाकर झाड़ पोंछ कर देखने की। मैं खुद भी नहीं करता।  अपने हाथ से बिछाए फूल अपने ही हाथ से समेटे। समेटते हुए वह मखमली नहीं लग रहे थे। कँटीले भी नहीं थे। सब वैसे का वैसे रख दिया। बिल्कुल यंत्रवत रहा। कपड़े निकाले सिरहाने रखी कुर्सी पर र...

इच्छाओं का समुच्चय

ऊपरी स्तर पर इच्छाएँ जितनी सुंदर और सपाट दिखती हैं इच्छाओं के तल में उतरने पर वह उतनी ही लिजलिजी और अजीब सी महसूस होती हैं। इच्छाएँ पानी और आग दोनों हैं वो न हों तो भी दिक्कत है हों और सीमा से अधिक हों तो भी दिक्कत है। जब दो लोग जुड़ते हैं तो उनके बीच इच्छाओं का संसार जुड़ता है, आत्मा जुड़ती है तो देह भी जुड़ने का रास्ता खोजती है। मगर क्या हो अगर एक को जो इच्छाएँ सुंदर लगतीं हों अगले को बिल्कुल बेकार ? क्या ऐसा संभव है ? या कोई भीतरी डर है जो हमारे भीतर की स्वाभाविक और मानवीय इच्छाओं पर हावी है ? यह प्रश्न सृष्टि के निर्माण से अभी तक यथावत है और रहेगा कि इच्छाओं का अगर जन्म मन में हो रहा है तो क्यूँ न आदमी उनकी पूर्ति के लिए भागे ? और अगर भाग रहा है तो इसमें गलती किसकी है इच्छाओं की या मनुष्य की ? मुझे इसका कोई ठीक उत्तर सूझता नहीं, हम मनुष्य को गलत ठहराकर इच्छाओं को दोषमुक्त नहीं कर सकते, फाँसी लगा लेने वाले से ज्यादा बड़ा दोषी उसे फाँसी लगा लेने को मजबूर करने वाला है। है कि नहीं ? तो फिर इसका क्या उत्तर हुआ ?  मन ऐसे तमाम सवालों से घिरा रहा। मगर जवाब कोई ऐसा नहीं मिला जिसस...

कभी फ़ुर्सत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

दिन भर एक पिल्ला अपनी मौत के लिए कलझता रहा। हुंकार भरता, रोता, पेट से जाने क्या निकाल देना चाह रहा था कि पूरी ताकत से बाहर साँस फेंकता रहा। मैं जो पिछले कई दिन से अपना जीवन समाप्त कर लेने का सोचता रहा था कि मेरे भीतर यह बात और गहरी हो गई कि न मौत आसान है न जीवन.. एक तीन महीने का पिल्ला मौत माँगते हुए पूरा दिन दौड़ता रहा अनन्तः रात में उसकी साँस रुकी। पापा और मैंने उसे मिट्टी में दफ़न किया। नहा खा के बैठा था। फिर से नहाया। दीदी रोने लगीं उन्होंने इधर कई दिन से दूध पिला पिला के जिंदा रखा था उसे।  अपने को कुचलने की इच्छा होती है। काश! हम अपनी परछाई पर नहीं खुद पर खड़े हो सकते मैं अब धीरे धीरे कठोर होता जा रहा हूँ, बहुत असमान्य सी घटनाओं पर भी सामान्य सा महसूस होता है बीते दिनों जो जो घटा, कितनी मौतें, कितने बलात्कार, कितनी जातीय हिंसा, कितना धार्मिक उन्माद, यह सब न जाने कैसे असर करता है मन हमेशा एक सा हुआ रहता है। ख़ुशी में बहुत कसकर हँस नहीं पाता। बहुत सी चीजें ऐसी हैं जिनसे मैं निकल नहीं पा रहा हूँ, तमाम दोमुहें लोगों को देखता हूँ, भीतर अजीब सा कष्ट होता है फिर समझा लेता हूँ...