सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

उस तरफ जाने से पहले

हम भरे होते हैं कि अभी फलाँ व्यक्ति सामने पड़े तो बताऊं।  ढ़ेरों तर्क़ लगभग उतने ही सवाल जवाब लिए भीतर से बिल्कुल तने खड़े रहते हैं कि बस अबकी सब कह देंगे। अचानक उस चेहरे को देखते हैं जिसपर सिवा पसीजने के और कुछ किया ही नहीं जा सकता। हम बिल्कुल चौंक जाते हैं। हमें नहीं समझ आता यहाँ क्या करना है, कैसे पेश आना है। यह कितना अजीब है न कि हम दूर से कहीं की परिस्थितियों को बस सोच सकते हैं। किसी के मन को मनगढ़ंत सोच सकते हैं। सामने सब बिल्कुल अलग होता है। वास्तविकता से टकराते ही हमारे ख़्वाब के घर नींव सहित उखड़ जाते हैं। और हम असहाय हो खड़े हो जाते हैं। आम आदमी का हाल कुरुक्षेत्र में खड़े उस द्रोण की तरह है जो युधिष्ठिर के मुँह से 'नरो या कुंजरो' सुनकर अपना सब कहा सुना भूलकर हताश हो गया था। हम सब द्रोण ही हैं, हम सब एक अश्वत्थामा पाल रहें हैं। 

**********


लगभग बातों पर मैं लगभग बचता रहता हूँ। जहाँ बहुत कुछ कहने की जरूरत होती है वहाँ कुछ कुछ कहकर बच लेता हूँ। रिश्तों को बचाए रखने के लिए कुछ घावों को रिसते रहने देना होता है और कुछ पर बकायदा मलहम पट्टी कर उसे ठीक कर देना होता है, यह मुझे अब समझ आता है की क्यूँ । भारतीय समाजिक संरचना जिस तरह ही है उसपर जितना वाद विवाद किया जाए कम है। हम न चाहकर भी वह बन जाते हैं जिसका हम विरोध करते हैं। हम यथास्थिति वाद से प्रभावित हैं हमें कुछ और प्रभावित ही नहीं कर पाता। ख़ैर !

मैं लगभग हर बार अपने को एक याचक की तरह पाता हूँ कहीं किसी से मांगता हूं कि वह अपना ख्याल रखें, कहीं दूसरे से मांगता हूं वह नहीं रख रहें तो कृपया तुम ही उनका ख्याल रखो। भाई बनता हूँ तो बहनों की खैरियत और खुशी मांगता हूँ बदले में उनसे दूरी चुन लेता हूँ, बेटा बनता हूँ तो माँ बाप का स्वास्थ्य और लंबी उम्र, पति या प्रेमी बनता हूँ तो साथ मांगता हूँ, सहजता माँगता हूँ, स्वीकार्यता माँगता हूँ। मैं हर जगह बस माँग रहा हूँ। कभी कभी सोचता हूँ क्या मुझे भी कोई माँग रहा.. मेरे लिए भी कुछ मांगा जा रहा या मैं यूँ ही माँगते देते हर जगह हर दिन घटते हुए ही मर जाऊँगा। 

कल की रात कल का दिन दोनों अच्छे नहीं थे। रात संकोच अनिद्रा और अपने को समेटते बीती। पिताजी से मिलने की बड़ी इच्छा थी। फोन करता रहा, घर पहुँचने तक। एक एक चीज़ देखता पूछता रहा पर जा नहीं पाया उनके पास। सुबह देर तक खुद पर चिड़चिड़ाता रहा । पर अपने से कब तक लड़ा जा सकता है। 

दवा खाने दिखा लेने की ज़िद करता रहा। सब बेअसर रहा। अनुशंसा करनी पड़ी। अंततः हुआ। 

दीदी को लेने गया था। ले आया। शाम से सिर में बेहद दर्द है। फिर भी हँसता बोलता रहा कि उस आँसू पर कुछ हँसी हावी हो। देर तक वहीं था। खाना खाकर लौटा। पिताजी भी देर से घर पहुँचे। सुबह सुबह मैं भी जाऊँगा। इस बार मैं रंग नहीं लगाऊंगा। कल ख़ूब डाँट खाया था इसीलिए छोटी बहन से, कुछ बोल नहीं सका। मैं ऐसी स्थिति में बस हँसता हूँ। ऐसे ही करके अपना मन छिपा पाता हूँ। परिवार से दूर रहो तो मन होता है बस किस रूप में पहुँच जाओ। फिर भी नहीं ही पहुँच पाता। विनोद कुमार शुक्ल की तरह कहूँ तो मैं हर कहीं पीछे छूट रहा हूँ। 

शाम एक अजनबी कॉल आया। उन्होंने कहा पहचाना ? मैं नहीं कह पाया नहीं, और बात करता रहा, लगभग 10 मिनट बात हुई। उनका पढ़ना लिखना परिवार जीवन सब पूछ लिया। अंत तक मैं नहीं जान पाया कौन है वह जो उस पार इस प्रेम से मुझसे बात कर रहा। मुझे याद नहीं रहता कुछ। मैं कौन हूं मैं यह भी नहीं जानता । वह तो कहती भी है आप कभी अपने को प्राथमिकता में नहीं रखते। मैं खुद को क्यूँ रखूं प्राथमिकता में.. वो जिन्हें मैं अपना कहता हूँ वह क्या करेंगे फिर..? 

ख़ैर ! 

कुछ पढ़ा लिखा नहीं। अब पढ़ूँगा भी नहीं। मन कर रहा है कहीं कोई कोना मिल जाए तो धँस जाऊँ वहीं.. तुम्हारे सीने से लगने को तो मिलना है नहीं। बेड के नीचे ही.... !  शायद कुछ घड़ी को ठीक लगे। 


― 12 मार्च 2025/ रात 11 बजे 

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

होने और न होने के बीच की याद

बहुत कुछ पूरा होता है तब भी बहुत कुछ अधूरा रह जाता है। कई बरस पहले ही किसी कविता में कहा था 'नमी जब ज्यादा हो तो बीज उगते नहीं हैं सड़ जाते हैं' उसे फिर फिर महसूसने का दिन रहा। पिछले 24 घण्टों में कई बार डायरी खोले बैठा। बैठा ही रहा। एक शब्द नहीं लिख पाया। आत्माख्यान, आत्मलीन और आत्मरत होकर नहीं लिखा जा सकता। अपने से अलग होना पड़ता है। नहीं लिख पाया। एक शब्द भी नहीं। एक ख़ालिस डॉट या पूर्णविराम भी नहीं। कागज कोरा का कोरा रहा। हाँ, दो चार बूंद आँसू जरूर गिरे। फिर उस पर कुछ लिखा नहीं। तारीख़ डाल दिया अभी। और पन्ना बदल दिया। कोई कभी पढ़ पाया तो वही जान पाएगा वह जो उसपर सम्भावित था लिखा जाना। शायद नहीं जान पाएगा। नहीं जान पाएगा तो मेरा ही फायदा है। यूँ भी तो मेरा मन सबका मन रखने के लिए बना है। मेरा मन कहीं कोने में रख दिया गया था बरसों पहले। कौन जतन करेगा उसे उठाकर झाड़ पोंछ कर देखने की। मैं खुद भी नहीं करता।  अपने हाथ से बिछाए फूल अपने ही हाथ से समेटे। समेटते हुए वह मखमली नहीं लग रहे थे। कँटीले भी नहीं थे। सब वैसे का वैसे रख दिया। बिल्कुल यंत्रवत रहा। कपड़े निकाले सिरहाने रखी कुर्सी पर र...

इच्छाओं का समुच्चय

ऊपरी स्तर पर इच्छाएँ जितनी सुंदर और सपाट दिखती हैं इच्छाओं के तल में उतरने पर वह उतनी ही लिजलिजी और अजीब सी महसूस होती हैं। इच्छाएँ पानी और आग दोनों हैं वो न हों तो भी दिक्कत है हों और सीमा से अधिक हों तो भी दिक्कत है। जब दो लोग जुड़ते हैं तो उनके बीच इच्छाओं का संसार जुड़ता है, आत्मा जुड़ती है तो देह भी जुड़ने का रास्ता खोजती है। मगर क्या हो अगर एक को जो इच्छाएँ सुंदर लगतीं हों अगले को बिल्कुल बेकार ? क्या ऐसा संभव है ? या कोई भीतरी डर है जो हमारे भीतर की स्वाभाविक और मानवीय इच्छाओं पर हावी है ? यह प्रश्न सृष्टि के निर्माण से अभी तक यथावत है और रहेगा कि इच्छाओं का अगर जन्म मन में हो रहा है तो क्यूँ न आदमी उनकी पूर्ति के लिए भागे ? और अगर भाग रहा है तो इसमें गलती किसकी है इच्छाओं की या मनुष्य की ? मुझे इसका कोई ठीक उत्तर सूझता नहीं, हम मनुष्य को गलत ठहराकर इच्छाओं को दोषमुक्त नहीं कर सकते, फाँसी लगा लेने वाले से ज्यादा बड़ा दोषी उसे फाँसी लगा लेने को मजबूर करने वाला है। है कि नहीं ? तो फिर इसका क्या उत्तर हुआ ?  मन ऐसे तमाम सवालों से घिरा रहा। मगर जवाब कोई ऐसा नहीं मिला जिसस...

कभी फ़ुर्सत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

दिन भर एक पिल्ला अपनी मौत के लिए कलझता रहा। हुंकार भरता, रोता, पेट से जाने क्या निकाल देना चाह रहा था कि पूरी ताकत से बाहर साँस फेंकता रहा। मैं जो पिछले कई दिन से अपना जीवन समाप्त कर लेने का सोचता रहा था कि मेरे भीतर यह बात और गहरी हो गई कि न मौत आसान है न जीवन.. एक तीन महीने का पिल्ला मौत माँगते हुए पूरा दिन दौड़ता रहा अनन्तः रात में उसकी साँस रुकी। पापा और मैंने उसे मिट्टी में दफ़न किया। नहा खा के बैठा था। फिर से नहाया। दीदी रोने लगीं उन्होंने इधर कई दिन से दूध पिला पिला के जिंदा रखा था उसे।  अपने को कुचलने की इच्छा होती है। काश! हम अपनी परछाई पर नहीं खुद पर खड़े हो सकते मैं अब धीरे धीरे कठोर होता जा रहा हूँ, बहुत असमान्य सी घटनाओं पर भी सामान्य सा महसूस होता है बीते दिनों जो जो घटा, कितनी मौतें, कितने बलात्कार, कितनी जातीय हिंसा, कितना धार्मिक उन्माद, यह सब न जाने कैसे असर करता है मन हमेशा एक सा हुआ रहता है। ख़ुशी में बहुत कसकर हँस नहीं पाता। बहुत सी चीजें ऐसी हैं जिनसे मैं निकल नहीं पा रहा हूँ, तमाम दोमुहें लोगों को देखता हूँ, भीतर अजीब सा कष्ट होता है फिर समझा लेता हूँ...