सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

नीली रौशनी आ रही है कहीं से

सोचता हूँ नहीं बताऊंगा। नहीं बताने का एक ही तरीका है सामने न पड़ना या बात न करना। पर जैसे ही बात होती है सब बक बक बोल जाता हूँ। भूल जाता हूँ दूर बैठा व्यक्ति मुझसे पहले भी तमाम बातों से जूझ रहा होगा। मन या तो कहीं खुलता नहीं या जहाँ खुलता है वहाँ फिर झूठ नहीं बोल पाता।मैं तुम्हारे सामने तुम्हारे लिए निरावरण हूँ। तुम तय करो तुम्हें कैसे देखना है। देखना भी है या नहीं।

दिन लगभग बिस्तर पर, जमीन पर घुरचते बीता। ऐसी दैहिक पीड़ा दिनों बाद नसीब हुई। काश यह बीमारी इतनी बढ़ती की मेरे पास चली आती तुम.. कोई न कोई तो तुम्हें सूचना दे ही देता। मैं न बुलाता तो भी। 
मैं बुलाने से डरता हूँ। नहीं आई तो .. ?

ख़ैर !

एक स्कूल के दोस्त की बहन आईं थी। उन्हें बस तक छोड़ना पड़ा। आदर्श और बदर आए थे। कुछ इधर उधर की बातें हुई। चाय पिया गया। भईया आए थे दोपहर में तो खाना नसीब हो गया था। वो डाँट कर खिलाते हैं। कल रात से एक अजीब सी खलिस है सीने में उसके लिए शब्द नहीं है मगर है.. बहुत निजी है। 

कुछ पढ़ लिख नहीं पाया। अभी बैठा था तो अनुवाद वाला काम देखने का प्रयास कर रहा था। मन नहीं किया। डायरी खोलकर सोचा आज का दिन सहेज लूँ। 
सम्भवतः मैच आ रहा है सब इतने व्यस्त हैं कि आवाज़ तक नहीं सुनाई दे रही किसी के पुकार की.. मनोरंजन बड़ी जरूरी चीज़ है इस सदी के लिए।

दोपहर जब रोटी खा रहा था तो श्रीकांत याद आ रहे थे। वो कहते हैं 

' एक बार उड़ जाने के बाद
इच्छाएँ लौटकर नहीं आतीं
किसी और जगह पर
घोंसले बनाती हैं' 

मेरे पास तो कोई जगह भी नहीं। इस 10 बाई15 के कमरे के अलावा । इसका भी किराया भरना है अभी। 

घर से यह आदेश हुआ है कि बड़े पिताजी की बड़ी लड़की यानि मेरी बड़ी बहन का स्वास्थ्य ज्यादा खराब है डायलिसिस चल रहा है तो वहाँ चले जाना। जो भी हो है तो अपना परिवार ही। ऐसे वक्तों में खड़ा हो जाना चाहिए। मेरे मन से उतर गए हैं सब। मुझे न जाने क्यूँ लगता है ही नहीं मेरा अब कोई परिवार है। इसी परिवार की वजह से खून के आसूँ रोया हूँ मैं। मैं एक बार हाथ फैलाता हूँ। एक भर खोलकर कहता हूँ मन अगर मिला तो ठीक नहीं तो नहीं चाहिए होता कुछ। जैसे पिछले दिनों ही सोची एक बात बचा पाया तो बचाए रहूँगा। 

किसी के लिए ... नहीं। कुछ नहीं। 

पिताजी कह दिए हैं तो जाना तो है ही। चला जाऊँगा। जानता हूँ वहाँ बहुत अजीब व्यवहार होगा। मगर ठीक है अपनों के लिए क्या अपमान क्या सम्मान.. 

मुझे ठंडी लग रही है। काश! तुम होती। तुम तो जानती हो ऐसी बीमारी की दशा में मैं क्या ख़ोजता हूँ.. 

महादेव.. 

― 9 मार्च 2025 / 6:30 शाम 

******************

देह का दुःख देह और मन का दुःख मन से ही मिटाता जा सकता है। 

************
मैं इतना मशीनी क्यूँ हूँ ? क्यूँ नहीं हो पाता थोड़ा सा लापरवाह! 

**********
मैं पुकारना चाहता हूँ । कराहने का मन कर रहा है। आँख जल रही है। 
***********
हर जगह एक विडंबना मुँह बाए खड़ी है। किसी भी ओर मुँह करो लगता है वह दिशा लील लेगी अभी। क्या कोई दिशा सुरक्षित दिशा नहीं ? क्या कोई भी मन साफ मन नहीं ? 

************
सफाई देने से सच धूमिल हो जाता है। नहीं देना चाहिए। 

आत्मा साफ उजला कपड़ा है उसपर अस्थि चर्म युक्त देह चढ़ते ही वह गन्दी हो जाती है। मगर बिना देह के आत्मा का अस्तित्व बस एक प्रश्नचिन्ह है। साफ को साफ बचाए रखने का एक ही तरीका है। उसे साफ करते रहिए। पछीटते रहिए। 

― 8: 30 शाम 

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

होने और न होने के बीच की याद

बहुत कुछ पूरा होता है तब भी बहुत कुछ अधूरा रह जाता है। कई बरस पहले ही किसी कविता में कहा था 'नमी जब ज्यादा हो तो बीज उगते नहीं हैं सड़ जाते हैं' उसे फिर फिर महसूसने का दिन रहा। पिछले 24 घण्टों में कई बार डायरी खोले बैठा। बैठा ही रहा। एक शब्द नहीं लिख पाया। आत्माख्यान, आत्मलीन और आत्मरत होकर नहीं लिखा जा सकता। अपने से अलग होना पड़ता है। नहीं लिख पाया। एक शब्द भी नहीं। एक ख़ालिस डॉट या पूर्णविराम भी नहीं। कागज कोरा का कोरा रहा। हाँ, दो चार बूंद आँसू जरूर गिरे। फिर उस पर कुछ लिखा नहीं। तारीख़ डाल दिया अभी। और पन्ना बदल दिया। कोई कभी पढ़ पाया तो वही जान पाएगा वह जो उसपर सम्भावित था लिखा जाना। शायद नहीं जान पाएगा। नहीं जान पाएगा तो मेरा ही फायदा है। यूँ भी तो मेरा मन सबका मन रखने के लिए बना है। मेरा मन कहीं कोने में रख दिया गया था बरसों पहले। कौन जतन करेगा उसे उठाकर झाड़ पोंछ कर देखने की। मैं खुद भी नहीं करता।  अपने हाथ से बिछाए फूल अपने ही हाथ से समेटे। समेटते हुए वह मखमली नहीं लग रहे थे। कँटीले भी नहीं थे। सब वैसे का वैसे रख दिया। बिल्कुल यंत्रवत रहा। कपड़े निकाले सिरहाने रखी कुर्सी पर र...

इच्छाओं का समुच्चय

ऊपरी स्तर पर इच्छाएँ जितनी सुंदर और सपाट दिखती हैं इच्छाओं के तल में उतरने पर वह उतनी ही लिजलिजी और अजीब सी महसूस होती हैं। इच्छाएँ पानी और आग दोनों हैं वो न हों तो भी दिक्कत है हों और सीमा से अधिक हों तो भी दिक्कत है। जब दो लोग जुड़ते हैं तो उनके बीच इच्छाओं का संसार जुड़ता है, आत्मा जुड़ती है तो देह भी जुड़ने का रास्ता खोजती है। मगर क्या हो अगर एक को जो इच्छाएँ सुंदर लगतीं हों अगले को बिल्कुल बेकार ? क्या ऐसा संभव है ? या कोई भीतरी डर है जो हमारे भीतर की स्वाभाविक और मानवीय इच्छाओं पर हावी है ? यह प्रश्न सृष्टि के निर्माण से अभी तक यथावत है और रहेगा कि इच्छाओं का अगर जन्म मन में हो रहा है तो क्यूँ न आदमी उनकी पूर्ति के लिए भागे ? और अगर भाग रहा है तो इसमें गलती किसकी है इच्छाओं की या मनुष्य की ? मुझे इसका कोई ठीक उत्तर सूझता नहीं, हम मनुष्य को गलत ठहराकर इच्छाओं को दोषमुक्त नहीं कर सकते, फाँसी लगा लेने वाले से ज्यादा बड़ा दोषी उसे फाँसी लगा लेने को मजबूर करने वाला है। है कि नहीं ? तो फिर इसका क्या उत्तर हुआ ?  मन ऐसे तमाम सवालों से घिरा रहा। मगर जवाब कोई ऐसा नहीं मिला जिसस...

कभी फ़ुर्सत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

दिन भर एक पिल्ला अपनी मौत के लिए कलझता रहा। हुंकार भरता, रोता, पेट से जाने क्या निकाल देना चाह रहा था कि पूरी ताकत से बाहर साँस फेंकता रहा। मैं जो पिछले कई दिन से अपना जीवन समाप्त कर लेने का सोचता रहा था कि मेरे भीतर यह बात और गहरी हो गई कि न मौत आसान है न जीवन.. एक तीन महीने का पिल्ला मौत माँगते हुए पूरा दिन दौड़ता रहा अनन्तः रात में उसकी साँस रुकी। पापा और मैंने उसे मिट्टी में दफ़न किया। नहा खा के बैठा था। फिर से नहाया। दीदी रोने लगीं उन्होंने इधर कई दिन से दूध पिला पिला के जिंदा रखा था उसे।  अपने को कुचलने की इच्छा होती है। काश! हम अपनी परछाई पर नहीं खुद पर खड़े हो सकते मैं अब धीरे धीरे कठोर होता जा रहा हूँ, बहुत असमान्य सी घटनाओं पर भी सामान्य सा महसूस होता है बीते दिनों जो जो घटा, कितनी मौतें, कितने बलात्कार, कितनी जातीय हिंसा, कितना धार्मिक उन्माद, यह सब न जाने कैसे असर करता है मन हमेशा एक सा हुआ रहता है। ख़ुशी में बहुत कसकर हँस नहीं पाता। बहुत सी चीजें ऐसी हैं जिनसे मैं निकल नहीं पा रहा हूँ, तमाम दोमुहें लोगों को देखता हूँ, भीतर अजीब सा कष्ट होता है फिर समझा लेता हूँ...