सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

कहीं बे-ख़्याल होकर यूँ ही छू लिया किसी ने

बहुत कुछ नहीं न सही, इतना तो कह ही सकता हूँ कि अब बहुत कुछ कहने की गुंजाइश नहीं बची। सवाल कर सकता है कोई की गुंजाइश कब थी ? तो भी जवाब यही होगा कि कभी नहीं। हम कभी नहीं और यह आखिरी है करते करते यहाँ तक पहुँचे हैं। जैसे जैसे आदमी जानता गया, नया ख़ोजता गया, औपचारिक, व्यवहारिक और प्रेमिल हुआ वैसे वैसे वह वास्तविक मनःस्थिति से भागना भी सीख गया, उसे कटना और काटना आ गया। झूठ उसका प्रमुख गहना हो गया, उसे सिर पर, जुबान पर, मन पर, सुहागन स्त्री के आभूषण की तरह सजा लिया, और चलने लगा, अब तो आदमी इस गहने का इतना आदी हो गया कि उसे उतार लेने पर आदमी पागल हो जाता है वह आव बाव बकने लगता उसी गाड़ी जीवन पटरी से उतरकर भागने लगती है। 

मैं यह सब क्यूँ कह रहा हूँ ? शायद कहने की गुंजाइश बचाए रखने के लिए। मुझे इतना कहने की गुंजाइश है मुझसे आगे वालों को इससे भी कम होगी। 

*********** 

सुबह मौसम सुंदर था। मन के लिए तो सुंदर था फसलों के लिए बिल्कुल बुरा। सरसों कटी पड़ी है खेत में, जौ और गेहूँ भी लगभग पक गए हैं, चना तो बेकार ही हो रहा है। मगर अब आगे बारिश न हो तो बच जाएगा सब। सुबह सुबह बर्फ गिरे, कुछ 2 या 3 मिनट। सारा छत खेत दुवार सफेद हो गया। फिर धूप भी निकल आई एयर ऐसी धूप की खड़ा न हो सको। झटका बादल की गड़गड़ाहट से इतना डरती हैं कि लगता है कहाँ घुस जाएं। मौसम थोड़ा खुला तो चारो तरफ घूम टहल कर देखा कहीं कोई फसल ज्यादा नुकसान तो नहीं हुई। रुशा के फूल चूसे बचपन में हम लोग इसी मौसम में दोपहर में स्कूल से लौटते हुए सड़क किनारे जहाँ वो मिल जाता एक एक फूल चूस जाते उसके फूल से मीठापन आता है जैसे शहद। शीशम के फूल देखे। तितलियों के बीच बैठा रहा हल्के भीगे मेड पर। मैं जब जब कोई फूल देखता हूँ मेरे मन में एक महक पैदा होती है। एक छवि बनती है। मैं उन फूलों को उसे ही चढ़ा आता हूँ। आज भी वही हुआ। 

गांव पड़ोस से दिनभर लोग आते जाते रहे। हर आने वाले के वही दो चार सवाल । मेरे वही उत्तर। समाज तमाम तरह की निर्जीव औपचारिकताओं को ही सामाजिकता कहता है। शाम कुछ घड़ी फूल पौधों की साफ सफाई किया। सोना का खाना पीना देखा। कई कई लोगों के फोन आते रहे, मैं एक दो छोड़ सबसे बचता रहा। मुझसे बात नहीं हो पाती ज्यादा। क्या बोलूं क्या जवाब दूँ क्या समझाऊँ की क्यूँ है सब। बोलने से अच्छा और प्रभावी जवाब चुप रहकर ही दिया जा सकता है। वही कर रहा हूँ। कोई मुझसे करवा रहा है जैसे..

मम्मी भी अस्वस्थ हैं तो काम बहुत है। सिर फट रहा है। दवा खा कर लेट गयीं हैं। शाम डॉक्टर से बात करके दूसरी दवा लाया। घर में इतना सब है मगर जब खाना पीना ही नहीं है सही से तो क्या ही किया जा सकता है। मैं कहाँ कहाँ जाऊँ किस किस को समझाऊँ। पिताजी का फोन आया था सुबह सुबह बारिश का जानकर कहने लगा यहाँ तो धूप है, सब बताया कई तस्वीर भेजी फोन रखते हुए कहा 'ठीक है बेटा ख़्याल रखो' मन में वह सुख सा महसूस हुआ। इस बार सोच रहा हूँ पापा का डॉक्टर बदल दूँ। दो साल से एक ही जगह की दवा ठीक नहीं है, मेरा मन चाहता है कैसे करके बस ये अंग्रेजी दवा बन्द हो जाती पर हो ही नहीं पा रहा। अलग अलग लोगों से डॉक्टर से बातचीत करता रहता हूँ, फोन में किताबों में ख़ोजता रहता हूँ मन का इलाज़ ही नहीं मिलता। मुझे बड़ा डर लगता है। 

रात एक तो नींद मुश्किल से बहुत जतन से आती है और आ जाती है तो अजीब अजीब सपने आते हैं अब क्या अटपटा होना बचा है.. महादेव देखना सब। 

इन दिनों सब बीमार ही हैं जो जहाँ है झेल ही रहा है। मैं हर तरफ फोन कर करके बोलता बताता रहता हूँ डरता भी रहता हूँ फिर .. 

खैर! छोड़ो  

सब ठीक है। 

― 17 मार्च 2025 / 9 : 40 शाम 

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

होने और न होने के बीच की याद

बहुत कुछ पूरा होता है तब भी बहुत कुछ अधूरा रह जाता है। कई बरस पहले ही किसी कविता में कहा था 'नमी जब ज्यादा हो तो बीज उगते नहीं हैं सड़ जाते हैं' उसे फिर फिर महसूसने का दिन रहा। पिछले 24 घण्टों में कई बार डायरी खोले बैठा। बैठा ही रहा। एक शब्द नहीं लिख पाया। आत्माख्यान, आत्मलीन और आत्मरत होकर नहीं लिखा जा सकता। अपने से अलग होना पड़ता है। नहीं लिख पाया। एक शब्द भी नहीं। एक ख़ालिस डॉट या पूर्णविराम भी नहीं। कागज कोरा का कोरा रहा। हाँ, दो चार बूंद आँसू जरूर गिरे। फिर उस पर कुछ लिखा नहीं। तारीख़ डाल दिया अभी। और पन्ना बदल दिया। कोई कभी पढ़ पाया तो वही जान पाएगा वह जो उसपर सम्भावित था लिखा जाना। शायद नहीं जान पाएगा। नहीं जान पाएगा तो मेरा ही फायदा है। यूँ भी तो मेरा मन सबका मन रखने के लिए बना है। मेरा मन कहीं कोने में रख दिया गया था बरसों पहले। कौन जतन करेगा उसे उठाकर झाड़ पोंछ कर देखने की। मैं खुद भी नहीं करता।  अपने हाथ से बिछाए फूल अपने ही हाथ से समेटे। समेटते हुए वह मखमली नहीं लग रहे थे। कँटीले भी नहीं थे। सब वैसे का वैसे रख दिया। बिल्कुल यंत्रवत रहा। कपड़े निकाले सिरहाने रखी कुर्सी पर र...

इच्छाओं का समुच्चय

ऊपरी स्तर पर इच्छाएँ जितनी सुंदर और सपाट दिखती हैं इच्छाओं के तल में उतरने पर वह उतनी ही लिजलिजी और अजीब सी महसूस होती हैं। इच्छाएँ पानी और आग दोनों हैं वो न हों तो भी दिक्कत है हों और सीमा से अधिक हों तो भी दिक्कत है। जब दो लोग जुड़ते हैं तो उनके बीच इच्छाओं का संसार जुड़ता है, आत्मा जुड़ती है तो देह भी जुड़ने का रास्ता खोजती है। मगर क्या हो अगर एक को जो इच्छाएँ सुंदर लगतीं हों अगले को बिल्कुल बेकार ? क्या ऐसा संभव है ? या कोई भीतरी डर है जो हमारे भीतर की स्वाभाविक और मानवीय इच्छाओं पर हावी है ? यह प्रश्न सृष्टि के निर्माण से अभी तक यथावत है और रहेगा कि इच्छाओं का अगर जन्म मन में हो रहा है तो क्यूँ न आदमी उनकी पूर्ति के लिए भागे ? और अगर भाग रहा है तो इसमें गलती किसकी है इच्छाओं की या मनुष्य की ? मुझे इसका कोई ठीक उत्तर सूझता नहीं, हम मनुष्य को गलत ठहराकर इच्छाओं को दोषमुक्त नहीं कर सकते, फाँसी लगा लेने वाले से ज्यादा बड़ा दोषी उसे फाँसी लगा लेने को मजबूर करने वाला है। है कि नहीं ? तो फिर इसका क्या उत्तर हुआ ?  मन ऐसे तमाम सवालों से घिरा रहा। मगर जवाब कोई ऐसा नहीं मिला जिसस...

कभी फ़ुर्सत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

दिन भर एक पिल्ला अपनी मौत के लिए कलझता रहा। हुंकार भरता, रोता, पेट से जाने क्या निकाल देना चाह रहा था कि पूरी ताकत से बाहर साँस फेंकता रहा। मैं जो पिछले कई दिन से अपना जीवन समाप्त कर लेने का सोचता रहा था कि मेरे भीतर यह बात और गहरी हो गई कि न मौत आसान है न जीवन.. एक तीन महीने का पिल्ला मौत माँगते हुए पूरा दिन दौड़ता रहा अनन्तः रात में उसकी साँस रुकी। पापा और मैंने उसे मिट्टी में दफ़न किया। नहा खा के बैठा था। फिर से नहाया। दीदी रोने लगीं उन्होंने इधर कई दिन से दूध पिला पिला के जिंदा रखा था उसे।  अपने को कुचलने की इच्छा होती है। काश! हम अपनी परछाई पर नहीं खुद पर खड़े हो सकते मैं अब धीरे धीरे कठोर होता जा रहा हूँ, बहुत असमान्य सी घटनाओं पर भी सामान्य सा महसूस होता है बीते दिनों जो जो घटा, कितनी मौतें, कितने बलात्कार, कितनी जातीय हिंसा, कितना धार्मिक उन्माद, यह सब न जाने कैसे असर करता है मन हमेशा एक सा हुआ रहता है। ख़ुशी में बहुत कसकर हँस नहीं पाता। बहुत सी चीजें ऐसी हैं जिनसे मैं निकल नहीं पा रहा हूँ, तमाम दोमुहें लोगों को देखता हूँ, भीतर अजीब सा कष्ट होता है फिर समझा लेता हूँ...