सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

अजब साज़िशें हैं कहाँ आ गया हूँ

जो जीता हूँ लिख देता हूँ। लिख देने के बाद मन ही मन सोचता हूँ शायद अब यह न जीना पड़े, मगर फिर फिर उस लिखे हुए को जीना पड़ता है, 6 वर्ष पहले आख़िरी बार जब कहानी मन के गर्भ से कागज़ पर उतरी तो लगा था कुछ अच्छा कर ले गया, पर लिखने के कुछ दिन बाद वह सामने घटित हो गई तो भीतर एक डर बैठ गया, अब भीतर पटकथा बननी शुरू होती है तुरंत उसे मार देता हूँ, कभी कभी जब अपने को देख रहा होता हूँ तो लगता है मैंने कितने भ्रूणों की हत्या कर दी, मैं उन्हें बचा सकता था। यह तो वही गवईं ढकोसला हुआ न कि इस साल होली पर हमारे घर किसी का देहांत हो गया तो आने वाले किसी साल हम होली न मनाए, जीवन रोक देना कहाँ तक उचित है ? मगर फिर वही करता हूं क्यूँ ? पता नहीं। कभी कभी यह उचित भी लगता है। जब मन भावुक होता है तो समझदारी भरी बातों से कोफ़्त होती है। इतने दिनों से जो यह लगातार पन्ने रंग रहा हूँ इसका हासिल क्या है पता नहीं, यह सब कुछ कचरा है, अवशिष्ट निकल जाने के बाद ही कुछ काम का बचता है, देखते हैं कब तक यह अवशिष्ट ख़त्म होता है। 

*********

दिन बीत ही नहीं रहा है जैसे, कुछ भी करता हूँ मन में बस समय चल रहा है, मगर यह समय है की बीतने का नाम ही नहीं ले रहा है, यह 26 आने के कितने दिन लग गए, प्रतीक्षा बड़ी कठिन परीक्षा लेती है। कल की सुबह शायद सुंदर होगी.. अपनी लिखी एक कविता दिन भर जहन में नाचती रही, करता भी वही रहा। प्रतीक्षा में आदमी करे भी क्या प्रतीक्षा करने के अलावा...

/ घड़ी के भीतर

घूमती सुइयों से ज्यादा 

घड़ी की तरफ़ 

घूमता हूँ मैं

घूमते हुए महसूसता हूँ

धीमी चल रही है दीवार घड़ी 

मेरे मन की घड़ी से 

/ कवितांश 

ये कविता जून में हुई थी, इसे मैं लौट लौट कर जीता हूँ। 

***********
आज एक पुराने मित्र से बात हो रही थी, बात के दरमियान उन्होंने कहा यार मुझे स्कूल के दिन बड़े याद आते हैं अब तो जीवन इतना मशीनी हो गया कि समय ही नहीं मिलता अपने लिए, पहले कितना सुख था, उन दिनों की स्मृति बड़ी सुंदर है, मैं नहीं कह पाया, मुझे पुराने यानि स्कूल के दिनों की कोई याद नहीं आती, जीवन आज जैसा है तब भी वैसा ही था, न तो तब्य मुझे स्कूल में कोई पसंद था की उसकी याद आए, तब आर्थिक चिंता नहीं थी बस, खेत , खलिहान, परिवार समाज, यही सब मैं तब भी कर रहा था वही अब भी कर रहा हूँ, तब भी आँसू अकेले ही पोंछता था अब भी, तब भी मन डायरी से ही कहता था, तब भी नींद नहीं आती थी अब भी..तब के जीवन से अब का जीवन कुछ ठीक है, मगर साथी कोई नहीं है..जिसके साथ मैं होना चाहता हूँ वह समय के हाथों मजबूर है। 

रात करवट बदलते बीत जाती है। योजना बनाता हूँ बिगड़ जाती है। पिता बूढ़े होते जा रहा हैं, यह बात जब जब दिमाग में कौंधती है आत्मा काँप जाती है। मगर ठीक है जीवन .....

देखो फिर वही दिलासा ... हमारे पास अपने मन को और अपनों को देने को बस दिलासा ही है। 

हमारे बुजुर्ग मीर तक़ी मीर साहब तो कह ही गए हैं वही कहना है शायद जिससे लिए इतने शब्द बर्बाद किया, वही कहता हूँ...

" अब देख ले कि सीना भी ताज़ा हुआ है चाक
फिर हम से अपना हाल दिखाया न जाएगा "

― आशुतोष प्रसिद्ध 
25 दिसम्बर 2024 शाम 7 बजे 




टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

होने और न होने के बीच की याद

बहुत कुछ पूरा होता है तब भी बहुत कुछ अधूरा रह जाता है। कई बरस पहले ही किसी कविता में कहा था 'नमी जब ज्यादा हो तो बीज उगते नहीं हैं सड़ जाते हैं' उसे फिर फिर महसूसने का दिन रहा। पिछले 24 घण्टों में कई बार डायरी खोले बैठा। बैठा ही रहा। एक शब्द नहीं लिख पाया। आत्माख्यान, आत्मलीन और आत्मरत होकर नहीं लिखा जा सकता। अपने से अलग होना पड़ता है। नहीं लिख पाया। एक शब्द भी नहीं। एक ख़ालिस डॉट या पूर्णविराम भी नहीं। कागज कोरा का कोरा रहा। हाँ, दो चार बूंद आँसू जरूर गिरे। फिर उस पर कुछ लिखा नहीं। तारीख़ डाल दिया अभी। और पन्ना बदल दिया। कोई कभी पढ़ पाया तो वही जान पाएगा वह जो उसपर सम्भावित था लिखा जाना। शायद नहीं जान पाएगा। नहीं जान पाएगा तो मेरा ही फायदा है। यूँ भी तो मेरा मन सबका मन रखने के लिए बना है। मेरा मन कहीं कोने में रख दिया गया था बरसों पहले। कौन जतन करेगा उसे उठाकर झाड़ पोंछ कर देखने की। मैं खुद भी नहीं करता।  अपने हाथ से बिछाए फूल अपने ही हाथ से समेटे। समेटते हुए वह मखमली नहीं लग रहे थे। कँटीले भी नहीं थे। सब वैसे का वैसे रख दिया। बिल्कुल यंत्रवत रहा। कपड़े निकाले सिरहाने रखी कुर्सी पर र...

इच्छाओं का समुच्चय

ऊपरी स्तर पर इच्छाएँ जितनी सुंदर और सपाट दिखती हैं इच्छाओं के तल में उतरने पर वह उतनी ही लिजलिजी और अजीब सी महसूस होती हैं। इच्छाएँ पानी और आग दोनों हैं वो न हों तो भी दिक्कत है हों और सीमा से अधिक हों तो भी दिक्कत है। जब दो लोग जुड़ते हैं तो उनके बीच इच्छाओं का संसार जुड़ता है, आत्मा जुड़ती है तो देह भी जुड़ने का रास्ता खोजती है। मगर क्या हो अगर एक को जो इच्छाएँ सुंदर लगतीं हों अगले को बिल्कुल बेकार ? क्या ऐसा संभव है ? या कोई भीतरी डर है जो हमारे भीतर की स्वाभाविक और मानवीय इच्छाओं पर हावी है ? यह प्रश्न सृष्टि के निर्माण से अभी तक यथावत है और रहेगा कि इच्छाओं का अगर जन्म मन में हो रहा है तो क्यूँ न आदमी उनकी पूर्ति के लिए भागे ? और अगर भाग रहा है तो इसमें गलती किसकी है इच्छाओं की या मनुष्य की ? मुझे इसका कोई ठीक उत्तर सूझता नहीं, हम मनुष्य को गलत ठहराकर इच्छाओं को दोषमुक्त नहीं कर सकते, फाँसी लगा लेने वाले से ज्यादा बड़ा दोषी उसे फाँसी लगा लेने को मजबूर करने वाला है। है कि नहीं ? तो फिर इसका क्या उत्तर हुआ ?  मन ऐसे तमाम सवालों से घिरा रहा। मगर जवाब कोई ऐसा नहीं मिला जिसस...

कभी फ़ुर्सत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

दिन भर एक पिल्ला अपनी मौत के लिए कलझता रहा। हुंकार भरता, रोता, पेट से जाने क्या निकाल देना चाह रहा था कि पूरी ताकत से बाहर साँस फेंकता रहा। मैं जो पिछले कई दिन से अपना जीवन समाप्त कर लेने का सोचता रहा था कि मेरे भीतर यह बात और गहरी हो गई कि न मौत आसान है न जीवन.. एक तीन महीने का पिल्ला मौत माँगते हुए पूरा दिन दौड़ता रहा अनन्तः रात में उसकी साँस रुकी। पापा और मैंने उसे मिट्टी में दफ़न किया। नहा खा के बैठा था। फिर से नहाया। दीदी रोने लगीं उन्होंने इधर कई दिन से दूध पिला पिला के जिंदा रखा था उसे।  अपने को कुचलने की इच्छा होती है। काश! हम अपनी परछाई पर नहीं खुद पर खड़े हो सकते मैं अब धीरे धीरे कठोर होता जा रहा हूँ, बहुत असमान्य सी घटनाओं पर भी सामान्य सा महसूस होता है बीते दिनों जो जो घटा, कितनी मौतें, कितने बलात्कार, कितनी जातीय हिंसा, कितना धार्मिक उन्माद, यह सब न जाने कैसे असर करता है मन हमेशा एक सा हुआ रहता है। ख़ुशी में बहुत कसकर हँस नहीं पाता। बहुत सी चीजें ऐसी हैं जिनसे मैं निकल नहीं पा रहा हूँ, तमाम दोमुहें लोगों को देखता हूँ, भीतर अजीब सा कष्ट होता है फिर समझा लेता हूँ...