सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

रात्रिदग्ध एकालाप


जाने क्यूँ कल से लगातार मैं दो चीजें कर रहा हूँ, एक तो एक गाने को लगातार गाए जा रहा हूँ वो भी ऐसे गाने को जिसको सुना नहीं है शायद सालों से, जो मुझे पसंद भी नहीं है। यह अजीब लग सकता है कि पसंद नहीं है तो याद कैसे है और गा कैसे रहा हूँ, लेकिन यही सच है। 

दूसरा यह कि मुझे बार बार जाने क्यूँ जड़त्व का नियम याद आ रहा है। पिछले दो साल से मैं महसूस कर रहा हूँ कि मैं स्मृति में घूमता रहता हूँ, भौतिकी पढ़े मुझे 8 साल हो गए होंगे या ज्यादा पर अब मुझे उसके एक सिद्धांत सूत्र और परिभाषा याद आते हैं। इसका क्या अर्थ है पता नहीं !

जड़त्व का नियम याद करते रहना चाहिए। जीवन का नियम भी यही है। 

***********

मैं समझ नहीं पाता हूँ समय तेजी से गुजर रहा है या घटनाएं तेजी से घट रहीं हैं। मन लगातार भावनात्मक उठापटक का मैदान बना रहता है, एक पल को मन खुश होता है, एक पल को सशंकित, एक पल को चिड़चिड़ा, एक पल को रोमांटिक, एक पल को भयभीत, एक पल को अकेला, एक पल को बिल्कुल बुद्धू, एक पल को विशुद्ध वैचारिक, एक पल को आशंका से भरा हुआ, एक पल को बच्चा, एक पल को बड़ा, एक पल को भाई, एक पल को प्रेमी, एक पल को बेटा, एक पल को कोई नहीं, सब विलीन हो जाता है। जीवन बिल्कुल अकेला निरभ्र, जैसे हर तरफ अंधेरा ही अंधेरा है। इतने सारे पल हैं कि पलों का कोई ठीक क्रम ही नहीं बन पा रहा है। जी लेने की इच्छा से भरा हुआ व्यक्ति सबसे ज्यादा मौत के विषय में बात करता है, अगर कोई बार बार मरने की, मृत्यु की बात करता हो तो समझिए वो जी लेने की इच्छा से भरा हुआ है, वो डरा हुआ है कि उसके मन में जितना जीवन का सपना है समय उतना मिलेगा की नहीं.. डर में आदमी सबसे ज्यादा उल्टा पुल्टा बोलता है। 

सुंदर सुबह धीरे धीरे कठोर दोपहर की तरफ गई और कठोर दोपहर फिर लौटकर खुशनुमा शाम की तरफ आई, रात फिर कठोरता की आखिरी सीमा पर है। हम हर बार किसी न किसी चीज से चूक जाते हैं, और उस टीस में भीतर भीतर भीगे रहते हैं।

जीवन इतना विशाल है कि बहुत समेटने के बाद भी बहुत कुछ छूट जाता है और जीवन इतना सूक्ष्म और क्षणिक है कि कुछ समेटने का वक़्त ही नहीं मिलता । सब जैसे बदलता जाता है, क्या समय का चक्र यही है जो चलता रहता है ? नहीं नहीं जो पलटता रहता है ? 

*******

मैं लगातार सोच रहा हूँ कि मनुष्य परिवर्तन प्रिय है या जड़ता प्रिय, मनुष्य क्या देखकर परिवर्तन स्वीकार करता है? या किस चीज से ऊबकर जड़ता स्वीकार करता है। 

*******

मैं बातों या भावनाओं को जितना बेहतर लोगों को समझता हूँ उतना बेहतर खुद भी समझ नहीं पाता, मैं हर बार समझाते हुए सोचता हूँ क्या यह सब मैं पहले से समझ गया था ? अगर हाँ तो मैं इतना बड़ा क्यूँ हुआ ? मुझे ये समझदारी और जिम्मेदारी भरे जीवन से कोफ़्त होती है। भरी दुनिया के बीच अपने लिए स्केप लेकर जीने में जो सुख है वो दुनिया भर का दुःख हरने के चक्कर में मन मार लेने में नहीं है। 

प्रेमियों को निर्लज्ज ही होना चाहिए, लज्जा में लिपटा जीवन अपने से अधिक और का जीवन बन जाता है। 

********

रिश्ते जिन शुरुआती बातचीत की सीढ़ी पकड़कर खड़े होते हैं जिस भाव भूमि पर जड़ फैलाते हैं, एक समय के बाद वो उन्हें छोड़ देते हैं, जो व्यक्ति यह स्वीकार नहीं करता, वो पीड़ित रहता है। 

******* 

B.com करते हुए एक नियम पढ़ा था, माँग और पूर्ति का अब समझ आ रहा है।

और यह भी कि प्रेम निःस्वार्थ कर्म के समानुपातिक होता है। 

********

लड़ते रहने में भी सुख है अगर वह मन की कटुता और द्वेष से नहीं, परवाह और चिंता की ओट में हो तो। 

********

शर्म, झिझक, वस्त्र, छिपाव और ज्ञान के लिए नहीं बनी है, देह सिर्फ देह के लिए बनी है। 

********

जब जब कोई मेरे विषय में सोचता है, या कुछ देने की बात करता है, मेरे लिए कुछ करने की इच्छा दिखाता है, मुझे लगता है जैसे वह मुझपर दया कर रहा है, मुझे ऐसी बातों पर जाने क्यूँ अति क्रोध आता है, ऐसा क्रोध जिसे मैं कंट्रोल नहीं कर पाता। मैं चाहता ही नहीं कि कोई मेरे लिए कुछ करे बस मैं जिस योग्य हूँ सबके लिए खड़ा रहूँ बस।

*********

इधर बीच पैंट की जेब खाली है, मन की जेब तमाम द्वंद्वों से भरी हुई है। इतना कि जितनी बार किसी बात में घुसता हूँ मन से कोई न कोई द्वंद्व सिक्के की तरह गिरा देता हूँ, और फिर चिड़चिड़ाता रहता हूँ। चिड़चिड़ाहट इन दिनों मेरा स्वर है। ऊब या गुस्से में मैं एक ही जगह भागता हूँ किताबों की तरफ, आज राजकमल चौधरी की कंकावती पढ़ा, देर तक उस खुमार में रहा, मैं उस व्यक्ति की सच बयानी पर मोहित हूँ, वो कहते हैं – 

" अनुभव (या प्रभाव) प्रयोगों के द्वारा प्राप्त नहीं किये जा सकते' - आलबेर कामू के कथन से सहमत होकर भी मैंने अपनी कंकावती के साथ रति-पीड़ा, वंचना, प्रभुता, और पशुता के जटिल-तम प्रयोग किये हैं।

(इनकी प्रतिक्रियाओं को मैंने निर्मम होकर विकट एकान्त में, वीभत्स सह-वास में भोगने और भोग करने की सहज-सरल क्षमता भी प्राप्त की है। मेरे जीने का कारण और उद्देश्य, दोनों ही, मात्र यह क्षमता है।) 

ऐसा सच अपने विषय में कौन कह सकता है ? 

राजकमल की तमाम बातों में मैं अपना एकाकार पाता हूँ, व्यक्तित्व में अपने भीतर की दबी इच्छा का प्रकट स्वरूप। 

मैं भीतर से वह पुरूष हूँ जो अपनी स्त्री के स्पर्श से पल भर की दूरी नहीं चाहता। 

अज्ञेय का एक निबंध पढ़ा, काल का डमरू नाद। फिर सब बन्द करके कमरे के बीचों बीच कुर्सी करके बैठा हूँ, कल पूरा घर भरा था यहीं। बैठे बैठे अपनी देह देख रहा हूँ, मैं कभी कभी सोचता हूँ अगर मेरी इस देह को वो नग्न देखेगी या अपनी उंगलियों से छुएगी तो मैं कैसे महसूस करूँगा। मैं महसूस करना चाहता हूँ।

जाने क्यूँ .. मुझे लगता है रति में व्यक्ति को मन की मौत का सा सुख होगा। 


― 13 अक्टूबर 2025 



टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

होने और न होने के बीच की याद

बहुत कुछ पूरा होता है तब भी बहुत कुछ अधूरा रह जाता है। कई बरस पहले ही किसी कविता में कहा था 'नमी जब ज्यादा हो तो बीज उगते नहीं हैं सड़ जाते हैं' उसे फिर फिर महसूसने का दिन रहा। पिछले 24 घण्टों में कई बार डायरी खोले बैठा। बैठा ही रहा। एक शब्द नहीं लिख पाया। आत्माख्यान, आत्मलीन और आत्मरत होकर नहीं लिखा जा सकता। अपने से अलग होना पड़ता है। नहीं लिख पाया। एक शब्द भी नहीं। एक ख़ालिस डॉट या पूर्णविराम भी नहीं। कागज कोरा का कोरा रहा। हाँ, दो चार बूंद आँसू जरूर गिरे। फिर उस पर कुछ लिखा नहीं। तारीख़ डाल दिया अभी। और पन्ना बदल दिया। कोई कभी पढ़ पाया तो वही जान पाएगा वह जो उसपर सम्भावित था लिखा जाना। शायद नहीं जान पाएगा। नहीं जान पाएगा तो मेरा ही फायदा है। यूँ भी तो मेरा मन सबका मन रखने के लिए बना है। मेरा मन कहीं कोने में रख दिया गया था बरसों पहले। कौन जतन करेगा उसे उठाकर झाड़ पोंछ कर देखने की। मैं खुद भी नहीं करता।  अपने हाथ से बिछाए फूल अपने ही हाथ से समेटे। समेटते हुए वह मखमली नहीं लग रहे थे। कँटीले भी नहीं थे। सब वैसे का वैसे रख दिया। बिल्कुल यंत्रवत रहा। कपड़े निकाले सिरहाने रखी कुर्सी पर र...

इच्छाओं का समुच्चय

ऊपरी स्तर पर इच्छाएँ जितनी सुंदर और सपाट दिखती हैं इच्छाओं के तल में उतरने पर वह उतनी ही लिजलिजी और अजीब सी महसूस होती हैं। इच्छाएँ पानी और आग दोनों हैं वो न हों तो भी दिक्कत है हों और सीमा से अधिक हों तो भी दिक्कत है। जब दो लोग जुड़ते हैं तो उनके बीच इच्छाओं का संसार जुड़ता है, आत्मा जुड़ती है तो देह भी जुड़ने का रास्ता खोजती है। मगर क्या हो अगर एक को जो इच्छाएँ सुंदर लगतीं हों अगले को बिल्कुल बेकार ? क्या ऐसा संभव है ? या कोई भीतरी डर है जो हमारे भीतर की स्वाभाविक और मानवीय इच्छाओं पर हावी है ? यह प्रश्न सृष्टि के निर्माण से अभी तक यथावत है और रहेगा कि इच्छाओं का अगर जन्म मन में हो रहा है तो क्यूँ न आदमी उनकी पूर्ति के लिए भागे ? और अगर भाग रहा है तो इसमें गलती किसकी है इच्छाओं की या मनुष्य की ? मुझे इसका कोई ठीक उत्तर सूझता नहीं, हम मनुष्य को गलत ठहराकर इच्छाओं को दोषमुक्त नहीं कर सकते, फाँसी लगा लेने वाले से ज्यादा बड़ा दोषी उसे फाँसी लगा लेने को मजबूर करने वाला है। है कि नहीं ? तो फिर इसका क्या उत्तर हुआ ?  मन ऐसे तमाम सवालों से घिरा रहा। मगर जवाब कोई ऐसा नहीं मिला जिसस...

कभी फ़ुर्सत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

दिन भर एक पिल्ला अपनी मौत के लिए कलझता रहा। हुंकार भरता, रोता, पेट से जाने क्या निकाल देना चाह रहा था कि पूरी ताकत से बाहर साँस फेंकता रहा। मैं जो पिछले कई दिन से अपना जीवन समाप्त कर लेने का सोचता रहा था कि मेरे भीतर यह बात और गहरी हो गई कि न मौत आसान है न जीवन.. एक तीन महीने का पिल्ला मौत माँगते हुए पूरा दिन दौड़ता रहा अनन्तः रात में उसकी साँस रुकी। पापा और मैंने उसे मिट्टी में दफ़न किया। नहा खा के बैठा था। फिर से नहाया। दीदी रोने लगीं उन्होंने इधर कई दिन से दूध पिला पिला के जिंदा रखा था उसे।  अपने को कुचलने की इच्छा होती है। काश! हम अपनी परछाई पर नहीं खुद पर खड़े हो सकते मैं अब धीरे धीरे कठोर होता जा रहा हूँ, बहुत असमान्य सी घटनाओं पर भी सामान्य सा महसूस होता है बीते दिनों जो जो घटा, कितनी मौतें, कितने बलात्कार, कितनी जातीय हिंसा, कितना धार्मिक उन्माद, यह सब न जाने कैसे असर करता है मन हमेशा एक सा हुआ रहता है। ख़ुशी में बहुत कसकर हँस नहीं पाता। बहुत सी चीजें ऐसी हैं जिनसे मैं निकल नहीं पा रहा हूँ, तमाम दोमुहें लोगों को देखता हूँ, भीतर अजीब सा कष्ट होता है फिर समझा लेता हूँ...