सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

जीवन के इंद्रजाल में

इन दिनों में मन बासी भोजन की मानिंद हुआ रहता है। मिर्च मसाला पाक सब सही होने के बावजूद स्वाद गायब है, स्वाद उस भीतरी गर्मी से था जो भोजन में अब नहीं है। 

कल की शाम खुशनुमा थी। आलोक ही आलोक था चारो तरफ, पटाखों की गूंज थी और दीपों की रौशनी। पर यह आलोक मनुष्य की उपस्थिति से धूमिल हुआ जाता था, अब हर जगह आदमी इतने हो जाते हैं कि कितनी भी व्यवस्था हो वह अव्यवस्था में बदल जाती है। मुझे साथ सुंदर लगता है, लेकिन सबका नहीं, सबके साथ को साथ कहा भी तो नहीं जा सकता, साथ वही अच्छा है जहाँ दो मस्तिष्क एक तरह की जीवन शैली के आसपास के हों, उनके पैरामीटर लगभग एक जैसे हों। इन सबके बावजूद जो सबसे जरूरी सेतु है किसी साथ में वह है टॉलरेंस और अपने से ऊपर किसी को रख सकने की क्षमता। 

मौसम अब नम हो चला है, हवा न भी चल रही हो तो भी लगती है, ठण्ड अपने पांव पसार रहा है। मैं यूँ ही हल्की हवा और धूल से छींकने लगता हूँ, वही हुआ। 

कुछ क्षणों को ख़त्म नहीं होने देने का मन करता है। कुछ साथ बिल्कुल नहीं छोड़ने का मन करता है, पर.. 

कभी कभी सोचता हूँ क्या मैं सबको विदा कहने के लिए ही बना हूँ क्या ? मैं रोकने की इच्छा पर भी नहीं कह पाता कि रुक जाओ, डर लगता है नहीं रुका तो..

मैं ख़ुशी के क्षणों में उदास हो जाता हूँ जाने क्यूँ, भीतर मरघट सा सन्नाटा फैल जाता है। सोचता हूँ साथ वाला सोचता है कितना मनहूस आदमी हैं कहीं ख़ुश नहीं दिखता। मैं खुश होता भी हूँ तो दिखा नहीं पाता, छोटी छोटी चीज़ों के लिए मन इतना कल्पा हुआ है कि अब चुल्लू भर भी मिल जाए तो आत्मा तृप्त हो जाती है। 

इन दिनों की कोई और योजना थी। पर वह भी और तमाम योजना की तरह योजना ही रह गई। मैंने इतने दिनों में एक चीज़ महसूस की कि जो कुछ भी मैं योजनाओं में सोच लेता हूँ, जिसके लिए मैं अति प्रसन्न हो जाता हूँ वही नहीं होता है। 

मुझसे हर व्यक्ति हताश हो चुका है और सबसे ज्यादा मैं खुद से.. मैं बहुत प्रयास करके भी अब वैसे नहीं पढ़ लिख पाता जैसे सोचता हूँ, मेरी क्षमता जाने क्यूँ क्षीण होती जा रही है। भीतर ही भीतर जाने क्या टूटता रहता है, उसमें न कुछ कहने लायक है न बताने, हो सकता है यह केवल मेरा भ्रम हो और यह भ्रम मेरी आत्मा पर हावी हो गया है, मैं बेग़ैरत की तरह बस सोचता रह जाता हूँ, करने भर की हिम्मत ही नहीं जुटा पाता। एक अबूझ किस्म की शर्मिंदगी घेरे रहती है। मैं जाने कितना ढीठ हूँ कि मुझे मरने का भी मन नहीं करता.. 

इन दिनों वो लोग लौट रहे हैं, जिन्हें देख भर लेने से मेरी देह में आग सी लगती है, बीते दिनों एक ऐसा ही वाकिया हुआ था, आज फिर एक ऐसा ही व्यक्ति दिखा, जिसकी वजह से मैं कितना रोया हूँ। यूँ लगता है, एक पल को मेरे भीतर सब बोध शून्य हो जाता है। 

एक बात तो तय है, उदात्तता के छाँव तले ही अनुदात्ता भी पलती है, जैसे दीपक के ठीक नीचे ही अंधेरा होता है वैसे ही मनुष्य अपने ही घेरे में अंधा होता है उसकी आंख होते हुए भी वह कुछ देख नहीं पाता, चित्त होते हुए भी कुछ सोच नहीं पाता। 

हम सब भ्रामक सभ्यता और बौद्धिकता के शिकार हैं। 
आज दिन भर पुरानी पढ़ी किताबें पलटता रहा, उसमें से नया मिला जो उस पर गुनता रहा। 

काश! आदमी भी साँपो की भांति अपनी केंचुली उतार सकता 


― 6 नवंबर 2025 

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

होने और न होने के बीच की याद

बहुत कुछ पूरा होता है तब भी बहुत कुछ अधूरा रह जाता है। कई बरस पहले ही किसी कविता में कहा था 'नमी जब ज्यादा हो तो बीज उगते नहीं हैं सड़ जाते हैं' उसे फिर फिर महसूसने का दिन रहा। पिछले 24 घण्टों में कई बार डायरी खोले बैठा। बैठा ही रहा। एक शब्द नहीं लिख पाया। आत्माख्यान, आत्मलीन और आत्मरत होकर नहीं लिखा जा सकता। अपने से अलग होना पड़ता है। नहीं लिख पाया। एक शब्द भी नहीं। एक ख़ालिस डॉट या पूर्णविराम भी नहीं। कागज कोरा का कोरा रहा। हाँ, दो चार बूंद आँसू जरूर गिरे। फिर उस पर कुछ लिखा नहीं। तारीख़ डाल दिया अभी। और पन्ना बदल दिया। कोई कभी पढ़ पाया तो वही जान पाएगा वह जो उसपर सम्भावित था लिखा जाना। शायद नहीं जान पाएगा। नहीं जान पाएगा तो मेरा ही फायदा है। यूँ भी तो मेरा मन सबका मन रखने के लिए बना है। मेरा मन कहीं कोने में रख दिया गया था बरसों पहले। कौन जतन करेगा उसे उठाकर झाड़ पोंछ कर देखने की। मैं खुद भी नहीं करता।  अपने हाथ से बिछाए फूल अपने ही हाथ से समेटे। समेटते हुए वह मखमली नहीं लग रहे थे। कँटीले भी नहीं थे। सब वैसे का वैसे रख दिया। बिल्कुल यंत्रवत रहा। कपड़े निकाले सिरहाने रखी कुर्सी पर र...

इच्छाओं का समुच्चय

ऊपरी स्तर पर इच्छाएँ जितनी सुंदर और सपाट दिखती हैं इच्छाओं के तल में उतरने पर वह उतनी ही लिजलिजी और अजीब सी महसूस होती हैं। इच्छाएँ पानी और आग दोनों हैं वो न हों तो भी दिक्कत है हों और सीमा से अधिक हों तो भी दिक्कत है। जब दो लोग जुड़ते हैं तो उनके बीच इच्छाओं का संसार जुड़ता है, आत्मा जुड़ती है तो देह भी जुड़ने का रास्ता खोजती है। मगर क्या हो अगर एक को जो इच्छाएँ सुंदर लगतीं हों अगले को बिल्कुल बेकार ? क्या ऐसा संभव है ? या कोई भीतरी डर है जो हमारे भीतर की स्वाभाविक और मानवीय इच्छाओं पर हावी है ? यह प्रश्न सृष्टि के निर्माण से अभी तक यथावत है और रहेगा कि इच्छाओं का अगर जन्म मन में हो रहा है तो क्यूँ न आदमी उनकी पूर्ति के लिए भागे ? और अगर भाग रहा है तो इसमें गलती किसकी है इच्छाओं की या मनुष्य की ? मुझे इसका कोई ठीक उत्तर सूझता नहीं, हम मनुष्य को गलत ठहराकर इच्छाओं को दोषमुक्त नहीं कर सकते, फाँसी लगा लेने वाले से ज्यादा बड़ा दोषी उसे फाँसी लगा लेने को मजबूर करने वाला है। है कि नहीं ? तो फिर इसका क्या उत्तर हुआ ?  मन ऐसे तमाम सवालों से घिरा रहा। मगर जवाब कोई ऐसा नहीं मिला जिसस...

कभी फ़ुर्सत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

दिन भर एक पिल्ला अपनी मौत के लिए कलझता रहा। हुंकार भरता, रोता, पेट से जाने क्या निकाल देना चाह रहा था कि पूरी ताकत से बाहर साँस फेंकता रहा। मैं जो पिछले कई दिन से अपना जीवन समाप्त कर लेने का सोचता रहा था कि मेरे भीतर यह बात और गहरी हो गई कि न मौत आसान है न जीवन.. एक तीन महीने का पिल्ला मौत माँगते हुए पूरा दिन दौड़ता रहा अनन्तः रात में उसकी साँस रुकी। पापा और मैंने उसे मिट्टी में दफ़न किया। नहा खा के बैठा था। फिर से नहाया। दीदी रोने लगीं उन्होंने इधर कई दिन से दूध पिला पिला के जिंदा रखा था उसे।  अपने को कुचलने की इच्छा होती है। काश! हम अपनी परछाई पर नहीं खुद पर खड़े हो सकते मैं अब धीरे धीरे कठोर होता जा रहा हूँ, बहुत असमान्य सी घटनाओं पर भी सामान्य सा महसूस होता है बीते दिनों जो जो घटा, कितनी मौतें, कितने बलात्कार, कितनी जातीय हिंसा, कितना धार्मिक उन्माद, यह सब न जाने कैसे असर करता है मन हमेशा एक सा हुआ रहता है। ख़ुशी में बहुत कसकर हँस नहीं पाता। बहुत सी चीजें ऐसी हैं जिनसे मैं निकल नहीं पा रहा हूँ, तमाम दोमुहें लोगों को देखता हूँ, भीतर अजीब सा कष्ट होता है फिर समझा लेता हूँ...