सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

समझाइश

मैं जब जब अपने आप को आश्वासन देकर खड़ा करने का प्रयास करता हूँ, तभी कुछ ऐसा घटता है की मैं फिर भरभरा कर गिर पड़ता हूँ। जीवन की क्षणभंगुरता के रोज नए नए प्रतिमान देखने को मिल रहें हैं। हर तरफ जैसे अजीब सी कोई छाया टहल रही है थोड़ा सख़्त होकर कहें तो दौड़ रही है, जैसे हम बचपन में खो खो खेलते थे बिल्कुल वैसे कब किसपर धप्पा देकर उठने बोल दें पता नहीं, दोपहर एक परिचित से बात हुई, हमारी कस्बाई बाज़ार में उनकी दुकान है, पिताजी अच्छे डॉक्टर हैं, मगर उन्होंने अंतरजातीय विवाह किया तो 2019 से ही परिवार से सम्बंध खत्म है। जिस लड़की से शाक़  दी किये थे उसे हमने दो चोटी बांधे पढ़ने जाते देखा था, उनका स्कूल के दिनों का प्यार था। साथ बीटेक किया और फिर साथ ही रहने लगने, प्रेम के लिए लड़े, परिवार छूट गया। और अब पता चला है कि उसे ब्लड कैंसर है। वो बेचारा जो उस लड़की के फोन ऑफ हो जाने पर रोने लगता था, अब कैसे और क्या क्या सोच रहा होगा, उन्होंने जीवन के कितने सपने देखे रहें होंगे, सब अब कुछ महीनों में खत्म हो जाएगा, उसके जाने के बाद उस लड़की का क्या होगा यह सोचकर मेरी आत्मा सिहर जाती है, परिवार से दूर जिसके साथ चली आई, अब वही जाने का राह बना रहा.. ये रचयिता ऐसा क्यूँ बनाते हो संसार। एक दूसरे के लिए रो रो कर जीने वालों को तो हँस कर ज़िंदगी जीने का अवसर दे दो..

दिन भर में यह सब चलता रहा। मैं मन ही मन अपने मारे गए मन के विषय में सोचता रहा, उन तमाम बातों पर आँसू बहाता रहा जो बहुत मन होने के बाद भी सबका मन सोचकर नहीं किया। कितनी संभावना थी जो शून्य हो गईं। कितना जीवन था जो जीवन भर ताने झेलने के डर से जिया ही नहीं, जबकि पता ही नहीं की कब जीवन का आखिरी दिन हो..

सोचो अगर यह इस कलम से निकली आखिरी स्याही होती, सोचो यह आखिरी पन्ना होता जिसपर मैं लिख रहा हूँ, सोचो कल कोई खबर दे..आशुतोष नाम का एक आदमी था, लिखता था, पारिवारिक आदमी था, जीवन की मार झेल रहा था, सपने देख रहा था, पर अब जीवन की मार कसकर पड़ गयी..चला गया। तो हद से हद क्या होगा.. दो चार दिन का रोना, हर आदमी के पास अपने विकल्प हैं, वो उन विकल्पों के साथ जीवन खोज लेगा। किसी के न होने से जीवन थोड़ी न रुकेगा किसी का। माँ पिताजी, पत्नी , बहने, इनके अलावा कौन है आपके लिए सोचने इंतज़ार करने वाला..लेकिन फिर भी हम दिखावे के डर से खुद को मारे जा रहे हैं। 

ख़ैर.. यह सब भी बिल्कुल वैसा ही है जैसे श्मशान घाट जाने पर क्षण भर हो हमें जीवन बेकार लगता है, और अगले ही पल हम कहीं जाना है, कुछ देर हो रहा है, कहकर भाग लेते हैं। माया ने हमें यूँ लपेट रखा है जैसे कोई धूर्त वैश्या धनवान पुरूष को अपने देह जाल में लपेटे रहती है। 

बस अब ज्यादा बोल रहा हूँ मैं शायद। शायद क्या सच ही। इसे यही छोड़ते हैं। 

******

पिछले कई वर्षों से लगातार सोच रहा हूँ कहीं घूमने जाऊँ। पर जब जब मन बनाता हूँ या जेब साथ नहीं देती या घर के काम। अब बहुत हुआ। यह जून बीते बस। मैं निकलूँगा कहीं..नदी और पहाड़ के आसपास पैदल। जून के बाद कहीं कोई नौकरी मिली तो जॉइन कर लूँगा। थोड़ी परेशानी सही पर आगे जीवन की कुछ राह तो खुलेगी यहाँ तो रह तरफ से दरवाजे बंद हैं। अब मुझे अपना घर चाहिए। 

सोचते विचारते हुए मैं समझ पाया कि हमारे दुःखों का मूल कारण हमारे भीतर की बने रहने, हर जगह ,हर तरह से स्वीकार्य होने की इच्छा है। हम न जाने क्यूँ आलू बन जाने पर आमादा हैं... 

दिन में थोड़ी बहुत पढ़ाई हुई। सालों बाद कमार्स के कुछ नोट्स और क्लास देखे, लग रहा था दूसरी दुनिया की चीज है। चीजें छूट जाएं तो ऐसा ही होता है, बहुत दिनों तक किसी करीबी से संवाद न हो तो वो भी दूर का हो जाता है। 

और सब ठीक है। घाव धीरे धीरे भर रहा है। 


― 30 मई 2025 / शाम 8 बजे 


टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

होने और न होने के बीच की याद

बहुत कुछ पूरा होता है तब भी बहुत कुछ अधूरा रह जाता है। कई बरस पहले ही किसी कविता में कहा था 'नमी जब ज्यादा हो तो बीज उगते नहीं हैं सड़ जाते हैं' उसे फिर फिर महसूसने का दिन रहा। पिछले 24 घण्टों में कई बार डायरी खोले बैठा। बैठा ही रहा। एक शब्द नहीं लिख पाया। आत्माख्यान, आत्मलीन और आत्मरत होकर नहीं लिखा जा सकता। अपने से अलग होना पड़ता है। नहीं लिख पाया। एक शब्द भी नहीं। एक ख़ालिस डॉट या पूर्णविराम भी नहीं। कागज कोरा का कोरा रहा। हाँ, दो चार बूंद आँसू जरूर गिरे। फिर उस पर कुछ लिखा नहीं। तारीख़ डाल दिया अभी। और पन्ना बदल दिया। कोई कभी पढ़ पाया तो वही जान पाएगा वह जो उसपर सम्भावित था लिखा जाना। शायद नहीं जान पाएगा। नहीं जान पाएगा तो मेरा ही फायदा है। यूँ भी तो मेरा मन सबका मन रखने के लिए बना है। मेरा मन कहीं कोने में रख दिया गया था बरसों पहले। कौन जतन करेगा उसे उठाकर झाड़ पोंछ कर देखने की। मैं खुद भी नहीं करता।  अपने हाथ से बिछाए फूल अपने ही हाथ से समेटे। समेटते हुए वह मखमली नहीं लग रहे थे। कँटीले भी नहीं थे। सब वैसे का वैसे रख दिया। बिल्कुल यंत्रवत रहा। कपड़े निकाले सिरहाने रखी कुर्सी पर र...

इच्छाओं का समुच्चय

ऊपरी स्तर पर इच्छाएँ जितनी सुंदर और सपाट दिखती हैं इच्छाओं के तल में उतरने पर वह उतनी ही लिजलिजी और अजीब सी महसूस होती हैं। इच्छाएँ पानी और आग दोनों हैं वो न हों तो भी दिक्कत है हों और सीमा से अधिक हों तो भी दिक्कत है। जब दो लोग जुड़ते हैं तो उनके बीच इच्छाओं का संसार जुड़ता है, आत्मा जुड़ती है तो देह भी जुड़ने का रास्ता खोजती है। मगर क्या हो अगर एक को जो इच्छाएँ सुंदर लगतीं हों अगले को बिल्कुल बेकार ? क्या ऐसा संभव है ? या कोई भीतरी डर है जो हमारे भीतर की स्वाभाविक और मानवीय इच्छाओं पर हावी है ? यह प्रश्न सृष्टि के निर्माण से अभी तक यथावत है और रहेगा कि इच्छाओं का अगर जन्म मन में हो रहा है तो क्यूँ न आदमी उनकी पूर्ति के लिए भागे ? और अगर भाग रहा है तो इसमें गलती किसकी है इच्छाओं की या मनुष्य की ? मुझे इसका कोई ठीक उत्तर सूझता नहीं, हम मनुष्य को गलत ठहराकर इच्छाओं को दोषमुक्त नहीं कर सकते, फाँसी लगा लेने वाले से ज्यादा बड़ा दोषी उसे फाँसी लगा लेने को मजबूर करने वाला है। है कि नहीं ? तो फिर इसका क्या उत्तर हुआ ?  मन ऐसे तमाम सवालों से घिरा रहा। मगर जवाब कोई ऐसा नहीं मिला जिसस...

कभी फ़ुर्सत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

दिन भर एक पिल्ला अपनी मौत के लिए कलझता रहा। हुंकार भरता, रोता, पेट से जाने क्या निकाल देना चाह रहा था कि पूरी ताकत से बाहर साँस फेंकता रहा। मैं जो पिछले कई दिन से अपना जीवन समाप्त कर लेने का सोचता रहा था कि मेरे भीतर यह बात और गहरी हो गई कि न मौत आसान है न जीवन.. एक तीन महीने का पिल्ला मौत माँगते हुए पूरा दिन दौड़ता रहा अनन्तः रात में उसकी साँस रुकी। पापा और मैंने उसे मिट्टी में दफ़न किया। नहा खा के बैठा था। फिर से नहाया। दीदी रोने लगीं उन्होंने इधर कई दिन से दूध पिला पिला के जिंदा रखा था उसे।  अपने को कुचलने की इच्छा होती है। काश! हम अपनी परछाई पर नहीं खुद पर खड़े हो सकते मैं अब धीरे धीरे कठोर होता जा रहा हूँ, बहुत असमान्य सी घटनाओं पर भी सामान्य सा महसूस होता है बीते दिनों जो जो घटा, कितनी मौतें, कितने बलात्कार, कितनी जातीय हिंसा, कितना धार्मिक उन्माद, यह सब न जाने कैसे असर करता है मन हमेशा एक सा हुआ रहता है। ख़ुशी में बहुत कसकर हँस नहीं पाता। बहुत सी चीजें ऐसी हैं जिनसे मैं निकल नहीं पा रहा हूँ, तमाम दोमुहें लोगों को देखता हूँ, भीतर अजीब सा कष्ट होता है फिर समझा लेता हूँ...